शिक्षा

नौकरी पाने के लिए AI से बना रिज्यूमे नहीं, प्रोफेशनल नेटवर्किंग आएगी काम: रिपोर्ट

आज के समय में नौकरी पाने के लिए उम्मीदवार AI की मदद से आकर्षक रिज्यूमे और कवर लेटर तैयार कर रहे हैं. लेकिन केवल अच्छा रिज्यूमे नौकरी दिलाने के लिए काफी नहीं है. प्रोफेशनल नेटवर्किंग और सही लोगों से संपर्क भी करियर में आगे बढ़ने का बड़ा जरिया बन रहे हैं. LinkedIn की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में जिन उम्मीदवारों के अपने क्षेत्र में अच्छे प्रोफेशनल संपर्क हैं, उनके नौकरी पाने की संभावना बिना संपर्क वाले उम्मीदवारों के मुकाबले 8.5 गुना ज्यादा है.

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अनजान लोगों को मैसेज करना और उनसे गाइडेंस मांगना भी करियर के नए रास्ते खोल सकता है.

प्रोफेशनल नेटवर्क से नौकरी मिलने की संभावना ज्यादा

LinkedIn की रिपोर्ट के अनुसार, भारत के 96 प्रतिशत प्रोफेशनल मानते हैं कि करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रोफेशनल नेटवर्क महत्वपूर्ण है. आंकड़ों के मुताबिक, जिन उम्मीदवारों के अपने क्षेत्र में अच्छे संपर्क हैं, उनके नौकरी पाने की संभावना अन्य उम्मीदवारों की तुलना में 8.5 गुना ज्यादा है. Gen Z के मामले में भी नेटवर्किंग का असर दिखाई देता है. भारत में उनके नौकरी आवेदनों में 20 प्रतिशत से कम में किसी आंतरिक संपर्क का जिक्र होता है. हालांकि, जिन आवेदनों में ऐसा संपर्क होता है, उनमें नौकरी मिलने की संभावना करीब 10 गुना बढ़ जाती है.

छोटे शहरों के युवाओं को भी मिल रहे अवसर

रिपोर्ट के मुताबिक, 87 प्रतिशत भारतीय प्रोफेशनल मानते हैं कि नेटवर्किंग से देश के बड़े नौकरी केंद्रों के बाहर रहने वाले युवाओं को भी बेहतर अवसर मिल सकते हैं. चेन्नई में यह आंकड़ा 91 प्रतिशत है. वहीं, पुणे के 50 प्रतिशत प्रोफेशनल का मानना है कि करियर में आगे बढ़ने के लिए स्किल, पहचान और नेटवर्क तीनों जरूरी हैं. इससे स्पष्ट है कि अब नौकरी के अवसर केवल बड़े शहरों, प्रतिष्ठित कॉलेजों या अच्छी डिग्री तक सीमित नहीं हैं. सही लोगों से संपर्क करके छोटे शहरों में रहने वाले युवा भी आगे बढ़ सकते हैं.

एक मैसेज ने बदल दिया करियर का रास्ता

करियर सलाहकार और कंटेंट क्रिएटर अंजली शुक्ला के अनुसार उन्होंने किसी बड़े शहर या मजबूत संपर्क के बिना अपने करियर की शुरुआत की थी. अनजान लोगों को मैसेज करके सवाल पूछने और गाइडेंस मांगने से उन्हें नए अवसर मिले. इसी तरह Adobe की सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर श्रद्धा पवार ने भी नेटवर्किंग के जरिए अपने क्षेत्र के लोगों से जुड़ना शुरू किया. इससे उन्हें नए अवसर और एक्सपीरियंस मिला.

नेटवर्किंग में झिझक सबसे बड़ी बाधा

रिपोर्ट के अनुसार, भारत के 46 प्रतिशत प्रोफेशनल को दूसरे लोगों से संपर्क करने में आत्मविश्वास की कमी महसूस होती है. हैदराबाद में यह आंकड़ा 53 प्रतिशत और पुणे में 66 प्रतिशत है. कई लोग इस बात से डरते हैं कि कहीं उनका मैसेज दूसरों को परेशान करने वाला या बनावटी न लगे. हालांकि, 92 प्रतिशत भारतीय पोफेशनल का कहना है कि वो करियर संबंधी सलाह मांगने वाले किसी अनजान व्यक्ति की भी मदद करने के लिए तैयार हैं.

छोटे कदमों से करें नेटवर्किंग की शुरुआत

LinkedIn के करियर विशेषज्ञों के मुताबिक, नेटवर्किंग शुरू करने के लिए किसी बड़े प्रयास की जरूरत नहीं है. उम्मीदवार अपने क्षेत्र से जुड़े लोगों की पोस्ट पर कमेंट कर सकते हैं, साझा रुचियों पर बातचीत कर सकते हैं या कोई सवाल पूछ सकते हैं. रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि पिछले छह वर्षों में महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले तेजी से अपने प्रोफेशनल नेटवर्क बढ़ाए हैं. महिलाओं के संपर्कों में 86 प्रतिशत और पुरुषों के संपर्कों में 76 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. इसलिए नौकरी के लिए आवेदन करते समय केवल रिज्यूमे बेहतर बनाने पर ध्यान न दें, बल्कि अपने क्षेत्र के लोगों से जुड़ने और उनसे सीखने की कोशिश भी करें.

Related Articles

Back to top button