CA फाइनल नवंबर 2026 MCQ पैटर्न में बदलाव, ज्यादा पूछे गए कैलकुलेशन वाले सवाल

चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) फाइनल नवंबर 2026 की परीक्षा में इस बार प्रश्नों के पैटर्न में बदलाव देखने को मिला है. कई विषयों में बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQ) की संख्या बढ़ाई गई, वहीं कैलकुलेशन आधारित सवालों पर भी ज्यादा जोर रहा. शिक्षा प्लेटफॉर्म Gradehunt के एनालिसिस में यह जानकारी सामने आई है. नवंबर 2026 के सभी छह पेपरों की तुलना मई 2026 की परीक्षा से की गई.
विश्लेषण के मुताबिक, डायरेक्ट टैक्स, ऑडिट और एडवांस्ड फाइनेंशियल मैनेजमेंट जैसे विषयों में प्रश्नों के स्वरूप और नंबरों के वितरण में बदलाव हुआ है.
MCQ के पैटर्न में हुआ बदलाव
Gradehunt के एनालिसिस के अनुसार, फाइनेंशियल रिपोर्टिंग (FR), एडवांस्ड फाइनेंशियल मैनेजमेंट (AFM), ऑडिट, डायरेक्ट टैक्स और इनडायरेक्ट टैक्स के पेपर में 30 अंकों के MCQ पूछे गए. हालांकि, इस बार इन सवालों का पैटर्न बदला हुआ था. प्रत्येक पेपर में कुल 23 MCQ थे, जिनमें 16 सवाल एक-एक नंबर के और सात सवाल दो-दो नंबर के थे. वहीं, मई 2026 की परीक्षा में इन्हीं विषयों के MCQ सेक्शन में 30 नंबरों के 15 सवाल पूछे गए थे और हर सवाल दो अंक का था. इस बदलाव के कारण उम्मीदवारों को समान अंकों के लिए ज्यादा सवाल हल करने पड़े.
डायरेक्ट टैक्स में कैलकुलेशन पर ज्यादा जोर
नवंबर 2026 की परीक्षा में डायरेक्ट टैक्स का पेपर आयकर अधिनियम, 1961 पर आधारित आखिरी पेपर था. मई 2027 से यह पेपर आयकर अधिनियम, 2025 के आधार पर तैयार किया जाएगा. विश्लेषण के मुताबिक, नवंबर के पेपर में कुल 118 सवालों में से 72 कैलकुलेशन आधारित थे. यानी करीब 61 फीसदी सवालों में कैलकुलेशन करनी थी. मई 2026 में यह आंकड़ा 52.5 फीसदी था.
ऑडिट में नैतिकता से जुड़े सवाल बढ़े
ऑडिट के पेपर में नैतिकता (Ethics) को भी पर्याप्त महत्व दिया गया. कुल 114 अंकों में से 29 अंक नैतिकता से जुड़े सवालों के थे. वहीं, 84 अंकों वाले दूसरे हिस्से में केवल 26 अंक के सवाल ऐसे थे, जिनमें तथ्यों का विश्लेषण करके निष्कर्ष निकालना था. मई 2026 में ऐसे सवालों का भार 52 अंक था.
AFM और IBS में भी बदलाव
एडवांस्ड फाइनेंशियल मैनेजमेंट (AFM) के MCQ सेक्शन में कैलकुलेशन आधारित सवालों का भार बढ़कर 29 अंक हो गया, जबकि मई 2026 में यह 24 अंक था. इंटीग्रेटेड बिजनेस सॉल्यूशंस (IBS) के पेपर में फाइनेंशियल रिपोर्टिंग से जुड़े सवाल केवल MCQ सेक्शन में पूछे गए. इसके लिए 10 अंक निर्धारित थे. मई 2026 में इस विषय से दो अंक के MCQ और 14 अंक के वर्णनात्मक सवाल पूछे गए थे. इसके अलावा, IBS पेपर में कॉर्पोरेट और इकोनॉमिक लॉ के लिए कुल 100 में से 20 अंक निर्धारित किए गए थे.
छात्रों के शेयर किए पेपर पर आधारित विश्लेषण
Gradehunt ने स्पष्ट किया कि यह विश्लेषण छात्रों की ओर से साझा किए गए प्रश्नपत्रों की कॉपी पर आधारित है. उपलब्ध इनडायरेक्ट टैक्स पेपर में केवल भाग-I था, जबकि IBS पेपर की कॉपी में कवर पेज और केस-5 के वर्णनात्मक सवाल शामिल नहीं थे. विश्लेषण के समय ICAI की ओर से आधिकारिक प्रश्नपत्र और सुझाए गए आंसर जारी नहीं किए गए थे. इसलिए इन आंकड़ों को उपलब्ध प्रश्नपत्रों के आधार पर किया गया विश्लेषण समझना चाहिए.




