शिक्षा

AICTE फेलोशिप का दूसरा राउंड शुरू, जानें योग्यता, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी तारीखें

अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम (IFP) 2026-27 के दूसरे राउंड के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस फेलोशिप के तहत पात्र फैकल्टी सदस्यों को एक साल तक हर महीने 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसमें 75 हजार रुपये AICTE और 25 हजार रुपये संबंधित इंडस्ट्री की ओर से मिलेंगे. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट ifp.aicte.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.

आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 15 दिसंबर 2026 है. इस प्रोग्राम का मकसद टीचर्स को उद्योगों में काम करने का अनुभव देना है.

15 दिसंबर तक कर सकते हैं आवेदन

AICTE की इस फेलोशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है. इच्छुक फैकल्टी सदस्य आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत, एकेडमिक और प्रोफेशनल जानकारी भरनी होगी. इसके साथ ही जरूरी डॉक्यूमेंट भी अपलोड करने होंगे. फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों को अच्छी तरह चेक कर लेना जरूरी है.

हर महीने मिलेगी 1 लाख रुपये की सहायता

इंडस्ट्री फेलोशिप की अवधि एक साल होगी. इसके तहत चयनित फैकल्टी सदस्यों को हर महीने कुल 1 लाख रुपये दिए जाएंगे. इसमें 75,000 रुपये AICTE की ओर से और 25,000 रुपये सहभागी उद्योग की तरफ से मिलेंगे. इस पहल के जरिए टीचर्स को उद्योगों के कामकाज, तकनीकी जरूरतों और प्रोफेशनल एक्सपीरियंस को समझने का मौका मिलेगा. इससे शिक्षा संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.

कौन कर सकता है आवेदन?

  • आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए.
  • उम्मीदवार AICTE से मान्यता प्राप्त संस्थान में नियमित फैकल्टी सदस्य होना चाहिए.
  • किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए.
  • कम से कम 5 साल का पूर्णकालिक टीचिंग एक्सपीरियंस जरूरी है.
  • 13 नवंबर 2026 तक उम्मीदवार की उम्र 50 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.

ऐसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

  • 1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ifp.aicte.gov.in पर जाएं.
  • 2. होमपेज पर ‘फैकल्टी रजिस्ट्रेशन’ के विकल्प पर क्लिक करें.
  • 3. आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत, एकेडमिक और नौकरी से जुड़ी जानकारी भरें.
  • 4. मांगे गए दस्तावेज, फोटो, आधार कार्ड और PAN कार्ड अपलोड करें.
  • 5. भरी गई सभी जानकारियों को चेक करने के बाद फॉर्म सबमिट करें.
  • 6. आवेदन पूरा होने पर कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें.

जनवरी 2027 से शुरू होगी फेलोशिप

AICTE के अनुसार, उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग और चयन प्रक्रिया 16 दिसंबर 2026 से 5 जनवरी 2027 के बीच पूरी की जाएगी. इसी अवधि में चयनित उम्मीदवारों को ऑफर लेटर जारी किए जाएंगे. फेलोशिप प्रोग्राम की शुरुआत 15 जनवरी 2027 से प्रस्तावित है.

Related Articles

Back to top button