‘तुम्हें क्या लगता है, तुम बहुत खास हो?’ इंटर्नशिप मांगने गए लड़के को फाउंडर ने सुनाई खरी-खोटी

आजकल नौकरी या इंटर्नशिप पाने के लिए युवा अक्सर कंपनियों के फाउंडर्स और एचआर को ‘कोल्ड ईमेल’ (सीधे ईमेल भेजना) करते हैं. लेकिन कई बार इन ईमेल्स का ऐसा जवाब मिलता है, जो किसी का भी दिल तोड़ सकता है. ऐसा ही एक कड़वा एक्सपीरियंस दिव्यांश नाम के एक टेक प्रोफेशनल के साथ हुआ. दिव्यांश ने एक कंपनी के फाउंडर को इंजीनियरिंग इंटर्नशिप की जानकारी लेने के लिए एक प्रोफेशनल ईमेल भेजा था, लेकिन बदले में उन्हें बेहद बदतमीजी भरा जवाब मिला.
दिव्यांश ने इस पूरी बातचीत का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पहले ट्विटर) पर शेयर किया है. उन्होंने बताया कि कोल्ड ईमेल भेजते समय उन्हें पहले भी इस तरह के रूखे जवाब मिल चुके हैं, लेकिन इस बार जिस तरह से बात की गई, उससे उन्हें सच में बहुत बुरा लगा. दरअसल, दिव्यांश ने अपने ईमेल में फाउंडर से इंटर्नशिप के मौके के बारे में पूछा था. वह यह समझना चाहते थे कि कंपनी जॉइन करने से पहले उनसे क्या उम्मीदें रखी जाएंगी. उन्होंने बेहद सलीके से पूछा था कि एक कंट्रीब्यूटर के तौर पर वह किस प्रोजेक्ट या टेक्निकल समस्याओं पर काम कर सकते हैं. इसके साथ ही, वह यह भी जानना चाहते थे कि इंटर्नशिप देने से पहले कंपनी कंट्रीब्यूटर्स के काम को किस आधार पर परखती है.
कंपनी के मालिक ने उड़ाया मजाक
सिर्फ काम ही नहीं, दिव्यांश ने पैसों को लेकर भी क्लियरीटि मांगी थी. उन्होंने पूछा था कि क्या शुरुआती कंट्रीब्यूशन पीरियड के लिए कोई भुगतान किया जाएगा? इसके अलावा, जनवरी 2027 से शुरू होने वाली छह महीने की जिस इंटर्नशिप के लिए उन्होंने अप्लाई किया था, उसमें कितना स्टाइपेंड मिलेगा, इसकी जानकारी भी उन्होंने मांगी थी, लेकिन कंपनी के फाउंडर ने इनमें से एक भी सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया. उल्टा, उन्होंने दिव्यांश की काबिलियत और उनकी डिग्री पर ही सवाल खड़े कर दिए.
फाउंडर ने जवाब में लिखा कि तुम्हें ऐसा क्यों लगता है कि तुम बहुत खास हो और मैं तुम्हारे सवालों का जवाब दूंगा? क्या तुम यह साबित कर सकते हो कि तुम इंजीनियर बनने के लायक भी हो? इस तरह के घमंडी जवाब से दिव्यांश काफी आहत हुए और उन्होंने कोल्ड ईमेल की हकीकत दिखाने के लिए इसे इंटरनेट पर साझा कर दिया.
जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, सोशल मीडिया यूजर्स दिव्यांश के समर्थन में उतर आए. कई लोगों ने इस बात पर हैरानी जताई कि नौकरी से जुड़े बुनियादी सवाल पूछने पर किसी के साथ ऐसा बर्ताव कैसे किया जा सकता है. लोगों का मानना है कि किसी भी इंटर्नशिप को स्वीकार करने से पहले काम, पेमेंट और सिलेक्शन प्रोसेस के बारे में पूछने में कुछ भी गलत नहीं है.
यह भी पढ़ें: पिता को ट्रेन में बैठाकर लौट रहा था बेटा, स्टेशन के गेट पर TTE ने रोका और फिर जो हुआ जानकर दंग रह जाएंगे!
एक यूजर ने दिव्यांश को सलाह देते हुए लिखा कि इस तरह का व्यवहार करने वाले लोगों से हमेशा दूर रहना चाहिए. यूजर ने कमेंट किया कि ऐसे लोग चलते-फिरते खतरे की घंटी (रेड फ्लैग) होते हैं. यह बहुत अच्छा हुआ कि हायरिंग प्रोसेस में अपना समय बर्बाद करने से पहले ही तुम्हें इनका असली चेहरा दिख गया.
यहां देखिए पोस्ट
Kind of response I get from cold mails
I genuinely felt bad about this tbh https://t.co/h69tz2etki— DIVYANSH (@DsThakurRawat) November 13, 2026




