असम के कारीगरों ने तैयार किया ‘रामायण’ के लिए राम और लक्ष्मण का कवच, महीनों तक नहीं पता था किस फिल्म के लिए कर रहे काम

Ramayana: सोचिए…किसी बड़ी फिल्म के लिए तीन साल तक मेहनत करके कुछ खास तैयार किया जाए और फिल्म रिलीज होने के बाद पता चले कि आखिर वह किसके लिए बनाया गया था! असम के एक छोटे से गांव के 15 कारीगरों के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. इन कारीगरों ने एक फिल्म के लिए सालों तक खास कवच तैयार किए, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि इनका इस्तेमाल ‘रामायण’ में रणबीर कपूर और रवि दुबे करने वाले हैं.
इन कारीगरों की टीम का नेतृत्व असम के बरपेटा जिले के जैनिया बंगलीपारा गांव के रहने वाले मास्टर कारीगर जयनल अब्दिन ने किया था. उन्होंने 14 अन्य कारीगरों के साथ मिलकर करीब साढ़े तीन साल तक काम किया और नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ के लिए 30 से 35 कवच तैयार किए. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं.
कैसे मिला था कवच बनाने का काम?
ANI से बातचीत में जयनल अब्दिन ने बताया कि उन्हें यह काम स्थानीय संस्था ग्राम उन्नयन से जुड़े अब्दुल मलिक के जरिए मिला था. अब्दुल मलिक को जब इस प्रोजेक्ट के बारे में पता चला, तो उन्होंने अब्दिन से संपर्क किया और पूछा कि क्या वह फिल्म के लिए खास कॉस्ट्यूम तैयार कर सकते हैं. अब्दिन ने ANI को बताया, “यह काम सीधे मेरे पास नहीं आया था. सबसे पहले यह जैनिया में ग्राम उन्नयन के अब्दुल मलिक जी के पास आया.
उन्होंने मुझे बुलाया और बताया कि एक प्रोजेक्ट आया है. उन्होंने मुझसे इसे देखने और बनाने के बारे में पूछा. शुरुआत में उन्होंने हमें एक फाइल भेजी थी, जिसमें कवच के डिजाइन और ड्रॉइंग थीं. उन्हें देखने के बाद मैंने कहा कि यह काम किया जा सकता है. इसके बाद मैंने अपनी टीम के प्रमुख से इस बारे में चर्चा की. कुछ समय बाद उनकी टीम के 5-6 लोग यहां आए. उनमें से सागर नाम का एक सदस्य हमारे साथ ही रुक गया, ताकि नाप लेने और डिजाइन में जरूरी सुधार करने में मदद कर सके.”
कवच बनाने में आईं कई मुश्किलें
कारीगरों को बेंत (Cane) से ये कवच तैयार करने के लिए कहा गया था. हालांकि, जल्द ही उन्हें समझ आ गया कि इस सख्त सामग्री से ऐसा कवच बनाना आसान नहीं है, जिसे कोई कलाकार आराम से पहन सके और आसानी से चल-फिर भी सके. जब टीम ने कवच का पहला सैंपल तैयार किया, तो उसकी फिटिंग में कुछ दिक्कतें सामने आईं. खासकर गर्दन और कंधों के आसपास कवच ठीक से फिट नहीं हो रहा था. इसके बाद कारीगरों ने उसमें जरूरी बदलाव किए और दोबारा सैंपल भेज दिया.
लेकिन जब लीड एक्टर ने इसे पहनकर देखा, तो उन्हें फिर भी परेशानी हुई. कवच काफी सख्त और टाइट था, जिसकी वजह से उनके लिए इसे पहनकर आराम से चलना-फिरना मुश्किल हो रहा था. इसके बाद कारीगरों को कवच की फिटिंग और आराम को बेहतर बनाने के लिए फिर से काम करना पड़ा.




