शिक्षा

क्या है PM ECRG योजना? रिसर्च के लिए मिल सकते हैं 60 लाख रुपये, कौन कर सकता है आवेदन?

विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में रिसर्च कर रहे युवा रिसर्चर्स के लिए अच्छी खबर है. अनुसंधान राष्ट्रीय शोध फाउंडेशन (ANRF) ने प्रधानमंत्री अर्ली करियर रिसर्च ग्रांट (PM ECRG) के लिए आवेदन प्रोसेस शुरू कर दिया है. इस योजना के तहत शुरुआती करियर के रिसर्चर्स को अपना रिसर्च प्रोजेक्ट शुरू करने और आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी. चयनित उम्मीदवारों को तीन साल की अवधि के लिए 60 लाख रुपये तक का अनुदान मिलेगा.

इसके अलावा संस्थान के खर्चों के लिए अलग से ओवरहेड राशि भी दी जाएगी. इच्छुक उम्मीदवार 2 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

PM ECRG योजना का उद्देश्य क्या है?

PM ECRG योजना का उद्देश्य विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपना करियर शुरू करने वाले शोधकर्ताओं को प्रोत्साहित करना है. इसके तहत चयनित उम्मीदवारों को एक बार करियर ग्रांट दिया जाएगा. इस राशि का इस्तेमाल रिसर्च उपकरण खरीदने, प्रोजेक्ट में काम करने वाले कर्मचारियों के वेतन, जरूरी सामग्री, यात्रा और अन्य आकस्मिक खर्चों के लिए किया जा सकता है. इसके अलावा ओपन एक्सेस रिसर्च पेपर पब्लिश करने और पेटेंट दाखिल करने का खर्च भी इसमें शामिल है. प्रोजेक्ट से जुड़े काम के लिए विदेश यात्रा की परमिशन भी होगी.

कौन कर सकता है आवेदन?

इस योजना के लिए साइंस या इंजीनियरिंग विषय में पीएचडी करने वाले कैंडिडेट अप्लाई कर सकते हैं. इसके अलावा MD, MS, MDS और MVSc डिग्री होल्डर भी एलिजिबल हैं. उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान, राष्ट्रीय प्रयोगशाला या रिसर्च एंड डेवलपमेंट संस्थान में रेगुलर एकेडमिक या रिसर्च पद पर कार्यरत होना जरूरी है.

अधिकतम उम्र कितनी है?

आवेदन के लिए अधिकतम उम्र 42 साल तय की गई है. SC, ST, OBC, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों को उम्र में तीन साल की छूट मिलेगी. इस बार विशेष छूट के तहत 1 फरवरी 2023 या उसके बाद संस्थान से जुड़े उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. PIO और OCI उम्मीदवार भी तय शर्तों के साथ आवेदन कर सकते हैं.

किन उम्मीदवारों को नहीं मिलेगा मौका?

जिन रिसर्चर्स को पहले SERB या ANRF की कुछ विशेष रिसर्च ग्रांट योजनाओं का लाभ मिल चुका है, वो इस योजना के लिए एलिजिबल नहीं होंगे. इसलिए आवेदन से पहले पुराने अनुदान से जुड़ी शर्तों को चेक करना जरूरी है.

कैसे करें ऑनलाइन आवेदन?

उम्मीदवार ANRF के ऑनलाइन पोर्टल anrfonline.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. नए उम्मीदवारों को पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा. वहीं, पहले से SERB Online पर रजिस्टर्ड उम्मीदवार अपनी पुरानी लॉगिन जानकारी से प्रवेश कर सकते हैं. आवेदन के दौरान रिसर्च प्रपोजल, प्रधान शोधकर्ता का प्रमाणपत्र, संस्थान प्रमुख का समर्थन पत्र और एज प्रूफ अपलोड करना होगा. रिसर्च प्रपोजल में प्रोजेक्ट का विषय, उद्देश्य और काम करने की योजना स्पष्ट रूप से बतानी होगी.

सेलेक्शन कैसे होगा?

उम्मीदवारों का सेलेक्शन विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के आधार पर किया जाएगा. समिति सभी रिसर्च प्रपोजल की समीक्षा करेगी और योग्य उम्मीदवारों का चयन करेगी. यह एकमुश्त करियर अनुदान है, इसलिए प्रोजेक्ट की अवधि आगे बढ़ाने की अनुमति नहीं होगी. आवेदन की लास्ट डेट 2 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे है.

Related Articles

Back to top button