अजब-गजब

नौकरी पाना हुआ Harvard में एडमिशन लेने से भी मुश्किल! 300 लोगों में सिर्फ 6 को मिला इंटरव्यू का मौका

देश-दुनिया में छंटनी और नौकरी जाने की खबरों के बीच रोजगार की तलाश कर रहे लोगों के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. अब हालात ऐसे हो गए हैं कि किसी कंपनी से इंटरव्यू का कॉल आना भी बड़ी उपलब्धि बन गया है. खासकर एंट्री लेवल की नौकरियों के लिए उम्मीदवारों के बीच मुकाबला इतना बढ़ गया है कि अच्छी योग्यता और डिग्री होने के बावजूद लोगों को मौका मिलना मुश्किल हो रहा है.

इसी स्थिति को लेकर Reddit पर एक जॉब सीकर ने अपना एक्सपीरियंस शेयर किया है. उसने बताया कि एक एंट्री लेवल नौकरी के लिए करीब 300 लोगों ने आवेदन किया था. हैरानी की बात यह रही कि इनमें से सिर्फ 50 उम्मीदवारों के रिज्यूमे ही योग्य पाए गए. इसके बाद केवल 6 लोगों को पहले राउंड के इंटरव्यू के लिए बुलाया गया और आखिर में सिर्फ 2 उम्मीदवार फाइनल राउंड तक पहुंच सके. उम्मीदवार के मुताबिक, इंटरव्यू की शुरुआत में ही रिक्रूटर ने आवेदकों की संख्या और चयन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी थी. इस एक्सपीरियंस को शेयर करते हुए उसने बताया कि सोशल मीडिया और LinkedIn पर अक्सर रिक्रूटर्स कहते हैं कि 100 से ज्यादा आवेदन देखकर घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनमें से ज्यादातर उम्मीदवार योग्य नहीं होते.

एडमिशन मिलना आसान या नौकरी पाना?

हालांकि, इस मामले में तस्वीर कुछ अलग थी. उम्मीदवार ने लिखा कि भले ही 300 में से 85 फीसदी लोग योग्य नहीं पाए गए, लेकिन बाकी 50 योग्य उम्मीदवारों में से भी सिर्फ 12 फीसदी को पहले राउंड के इंटरव्यू का मौका मिला. यानी कुल आवेदन करने वालों में से महज 2 फीसदी लोग ही इंटरव्यू तक पहुंच सके. उसने इस स्थिति की तुलना अमेरिका की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी Harvard में एडमिशन मिलने से की. उसके मुताबिक, Harvard में दाखिले की दर करीब 4 फीसदी है, जबकि इस नौकरी के लिए पहले राउंड का इंटरव्यू मिलने की संभावना सिर्फ 2 फीसदी रही. यानी इस मामले में किसी सामान्य एंट्री लेवल नौकरी के लिए इंटरव्यू पाना भी Harvard में एडमिशन लेने से ज्यादा मुश्किल नजर आया. उसने आगे कहा कि अगर कोई उम्मीदवार नौकरी की सभी जरूरी योग्यताएं पूरी करता है, तब भी उसके चयन की गारंटी नहीं है. कई बार जिन उपलब्धियों के लिए स्कूल या कॉलेज के दिनों में तारीफ मिलती थी, वही चीजें नौकरी के बाजार में अब सामान्य योग्यता मानी जाने लगी हैं.

इस जॉब सीकर ने यह भी बताया कि वह पिछले 18 महीनों से नौकरी की तलाश कर रहा है. फाइनल राउंड तक पहुंचने पर उसने खुशी जताई, लेकिन साथ ही कहा कि एंट्री लेवल सैलरी वाली नौकरी के लिए भी इतनी ज्यादा प्रतिस्पर्धा होना निराशाजनक है. खासकर बड़े शहरों में नौकरी ढूंढना और भी मुश्किल हो गया है.

इस पोस्ट पर दूसरे यूजर्स ने भी अपने एक्सपीरियंस शेयर किए. एक व्यक्ति ने बताया कि उसे फाइनल राउंड के इंटरव्यू के बाद नौकरी नहीं मिली, क्योंकि कंपनी ने उससे ज्यादा एक्सपीरियंस रखने वाले उम्मीदवार को चुन लिया. उसने निराशा जताते हुए कहा कि 2026 के बाकी समय में नौकरी मिलने की उम्मीद अब काफी कम लग रही है. वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि हर उम्मीदवार के पास नौकरी पाने का बराबर मौका नहीं होता. कुछ लोगों के लिए सफलता की संभावना लगभग शून्य होती है, जबकि कुछ चुनिंदा उम्मीदवारों के लिए यह 50-50 तक हो सकती है.

यह भी पढ़ें: कुत्ते को मिली अपनी पर्सनल राइड! गधे पर बैठकर मजे लेते वीडियो ने मचाई धूम

एक यूजर ने अपनी परेशानी बताते हुए लिखा कि अब ऐसी नौकरी मिलना भी लॉटरी जीतने जैसा लगता है, जिससे कम से कम एक बेडरूम वाले फ्लैट का किराया आसानी से दिया जा सके. एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि पिछले साल उसकी पुरानी पोस्ट के लिए 200 से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया था, जबकि वह खुद प्रमोशन मिलने के बाद उस पद से हट गया था. इन प्रतिक्रियाओं से साफ है कि नौकरी के बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और सीमित अवसरों ने उम्मीदवारों की चिंता बढ़ा दी है. अब सवाल सिर्फ काबिलियत का नहीं, बल्कि सही समय पर सही अवसर मिलने का भी बन गया है.

यहां देखिए पोस्ट

Related Articles

Back to top button