अजब-गजब

अब कोडिंग नहीं, बस प्रॉम्प्ट लिखो और सैलरी लो…क्या सच में खत्म हो रहा है सॉफ्टवेयर डेवलपर्स का युग?

AI टूल्स आने के बाद सॉफ्टवेयर डेवलपर्स के काम करने का अंदाज तेजी से बदल रहा है, लेकिन हर कोई इस बदलाव से खुश नहीं है. हाल ही में एक Reddit यूजर ने AI कोडिंग टूल्स को लेकर अपना अनुभव शेयर किया, जिसके बाद ऑनलाइन दुनिया में एक नई बहस छिड़ गई. उस डेवलपर का कहना है कि इन टूल्स ने खुद से कोड लिखने, एरर ठीक करने और समस्याओं को सुलझाने का असली मजा ही छीन लिया है.

यह चर्चा तब शुरू हुई जब r/developersIndia सबरेडिट पर एक पोस्ट सामने आई, जिसका टाइटल था कि Feels like we are in the final days of Software Development. Enjoy while it lasts.”
अपने ऑफिस की एक हालिया टाउन हॉल मीटिंग का जिक्र करते हुए इस यूजर ने बताया कि कंपनी अपनी इंजीनियरिंग टीम को फिर से ढालने की योजना बना रही है, जिसमें डेवलपर्स और टेस्टर्स को एक साथ लाया जाएगा. खबर है कि कंपनी इंसानी टेस्टर्स की जगह AI से टेस्टिंग करवाना चाहती है और इंजीनियरों को भी ज्यादातर काम AI टूल्स के जरिए ही करने के लिए बढ़ावा दे रही है.

नए रास्तों को लेकर बढ़ी चिंता

इस घोषणा ने यूजर को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि पिछले कुछ महीनों में कोडिंग को लेकर उनका नजरिया कितना बदल गया है. कोडिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में 9 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाले इस डेवलपर को याद आया कि उन्हें खुद कोड लिखने, घंटों डीबगिंग करने और आखिरकार किसी दिक्कत की असली वजह पकड़ लेने में कितना मजा आता था, लेकिन उनके मुताबिक, रोजमर्रा के काम से ये चीजें धीरे-धीरे गायब हो गई हैं.

अब वे खुद से लॉजिक बनाने या कोड लिखने के बजाय इस बात पर ज्यादा समय दे रहे हैं कि GitHub Copilot का इस्तेमाल और बेहतर तरीके से कैसे किया जाए, जिसमें उसे अपने काम करने का तरीका और प्रोजेक्ट्स समझाना भी शामिल है. इस बदलाव को बयां करते हुए यूजर ने लिखा कि I used to enjoy writing for loop and if else by myself, Now I write prompts only. टाउन हॉल की उस बात ने उन्हें अंदर से काफी परेशान कर दिया. काम सामने होने के बावजूद वे बस स्क्रीन को घूरते रहे और ध्यान नहीं लगा पाए. हालात ऐसे हो गए कि उन्होंने इसे “अस्तित्व का संकट” यानी एक तरह का गहरा मानसिक तनाव बताया.

दिलचस्प बात यह रही कि उन्हें अपने कमरे के एक कोने में रखी अधूरी लेगो सिटी से थोड़ी हिम्मत मिली. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें काम करते रहना होगा ताकि वे और ब्रिक्स और महंगे सेट्स खरीदकर इसे पूरा कर सकें, क्योंकि परिवार में इसे कोई और पूरा नहीं कर सकता. अपनी चिंताओं के बावजूद उन्होंने कहा कि वे अगले दिन काम पर लौटेंगे और अपनी AI एजेंट पाइपलाइन को बेहतर बनाने पर ध्यान देंगे. उन्हें लगता है कि बदलते माहौल के हिसाब से खुद को ढालने की काबिलियत दिखाने से वे शायद एक-दो साल और ऑफिस में बने रह सकें.

Ai Job

AI आधारित डेवलपमेंट की ओर बढ़ते इंडस्ट्री के रुख पर उन्होंने कहा कि 9 साल से ज्यादा कोडिंग करने के बाद अब पुराने तरीके को अलविदा कहने और नए ‘एजेंटिक एरा’ को अपनाने का वक्त आ गया है. उन्होंने यह भी माना कि इसके कुछ फायदे भी हो सकते हैं, जैसे सैलरी पाते हुए दिमाग पर पहले जितना दबाव न पड़ना. भले ही मूल Reddit पोस्ट बाद में हटा दी गई हो, लेकिन इसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर घूमते रहे और AI, नौकरियों तथा सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के भविष्य पर चर्चा शुरू हो गई.

यह भी पढ़ें: कचरा फैलाने में हम व्यस्त और विदेशी मेहमान चमकाते रहे घाट, ऋषिकेश से सामने आया आईना दिखाने वाला वीडियो

एक यूजर ने AI के कर्मचारियों की जगह लेने वाली कहानी पर सवाल उठाते हुए लिखा कि मैनेजमेंट हमेशा से कर्मचारियों की अहमियत कम आंकने की कोशिश करता रहा है और AI बस एक नया बहाना बन गया है. एक अन्य यूजर को इस बात की ज्यादा चिंता थी कि ऑटोमेशन बढ़ने पर आगे कमाई का जरिया क्या बचेगा. हालांकि, हर किसी को स्थिति इतनी डरावनी नहीं लगी. एक तीसरे यूजर ने कहा कि उन्होंने 3 साल पहले ही ऐसा होते देखा था और अभी भी सब ठीक चल रहा है, शायद बड़े बदलाव आने में अभी 5 साल और लगें. वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने पूछा कि क्या वाकई पिछले कुछ सालों से सारा कोड खुद ही लिखा जा रहा था, क्योंकि ऐसी बातें पहले भी सुनी जा चुकी हैं.

Related Articles

Back to top button