उत्तर प्रदेश

साइबर ठगों की खुलेगी पोल, Instagram पर Scam Se Bacho सीरीज लाएगी सरकार और मेटा

डिजिटल युग में सबसे बढ़े खतरे ऑनलाइन फ्रॉड पर रोक लगाने के लिए भारत सरकार एक्टिव है. आज के समय में लोगों की एक छोटी सी गलती उनके लिए बड़ा खतरा बन जा रही है. कभी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को फंसाया जा रहा है, तो कभी विदेश भेजने के नाम पर मोटा मुनाफा देने का लालच देकर उनके साथ ठगी हो रही है. सिर्फ इतना ही नहीं डिजिटल अरेस्ट जैसे तरीकों से भी लोगों के बैंक अकाउंट साइबर ठग खाली कर रहे हैं. ऐसे में लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचाने के लिए सरकार और Meta ने एक नई पहल शुरू की है. इस पहल के तहत Instagram पर Scam Se Bacho नाम से एक माइक्रोड्रामा सीरीज दिखाई जाएगी.

मेटा और सरकार की इस पहले में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय यानी MIB, प्रसार भारती, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड यानी SEBI और इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर यानी I4C के साथ मेटा ने साझेदारी की है. 19 नवंबर को इस सीरीज को लेकर घोषणा की गई है. इसे पहले Instagram पर रिलीज किया जाएगा. इसके बाद इसे प्रसार भारती के Waves OTT प्लेटफॉर्म पर भी यूजर्स देख सकेंगे.

छोटी कहानियों के जरिए समझाए जाएंगे ठगी के खतरे

मेटा और सरकार के साझेदारी वाली इस सीरीज को खासतौर पर छोटे बिजनेसमैन और कहानियों के अंदाज में बनाया जाएगा. इसमें फर्जी नौकरी के ऑफर, इन्वेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों को दिखाया जाएगा. इस पहल का मकसद लोगों को यह बताना है कि ऑनलाइन मिलने वाले हर ऑफर और दावे पर भरोसा करना कितना खतरनाक हो सकता है.

सीरीज के माध्यम से लोगों को संदिग्ध एक्टिविटी की पहचान करने, किसी भी जानकारी पर कार्रवाई करने से पहले उसकी फिर से जांच करने और साइबर ठगी होने पर शिकायत दर्ज कराने के बारे में बताया जाएगा. इसके लिए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी जाएगी.

क्रिएटर्स को भी मिलेगा मौका

प्रसार भारती के CEO गौरव द्विवेदी के अनुसार, इस साझेदारी से देश में तेजी से बढ़ रही क्रिएटर इकॉनमी को भी बढ़ावा मिलेगा. माइक्रोड्रामा जैसे नए फॉर्मेट के माध्यम से जरूरी जानकारियों को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. इसमें सरकारी एजेंसियों के साथ कंटेंट क्रिएटर्स और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को भी शामिल किया जाएगा.

वहीं, SEBI के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संजय सी पुराओ के मुताबिक निवेश से जुड़े फ्रॉड के नए तरीकों के बारे में लोगों को अलर्ट करना है. यह पहल SEBI के Samajh Se Investing Simple अभियान को आगे बढ़ाने का काम करेगी. इससे लोगों को निवेश करने से पहले सही जानकारी जांचने में मदद मिलेगी.

डिजिटल अरेस्ट को लेकर भी किया जाएगा जागरूक

I4C के डायरेक्टर निशांत कुमार ने डिजिटल अरेस्ट के बढ़ते मामलों पर चिंता जाहिर की है. उन्होंने कहा कि इस तरह की ठगी में अपराधी खुद को पुलिस या दूसरी जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों पर प्रेशर बनाते हैं. डर के कारण कई लोग उनकी बातों में आकर पैसे ट्रांसफर कर देते हैं. ऐसे मामलों में ठगी के संकेत पहचानना और समय रहते शिकायत करना बहुत जरूरी है.

Meta India के सीनियर डायरेक्टर और हेड ऑफ पब्लिक पॉलिसी अमन जैन के अनुसार यह सीरीज कंपनी के Scam Se Bacho अभियान का अगल हिस्सा है. साथ ही Meta ने निवेश और डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी ठगी को समझाने के लिए एक कॉमिक स्ट्रिप भी जारी की है.

ये भी पढ़ेंः GTA 6 के नाम पर चल रहा बड़ा खेल! Free गेम के लालच में खाली हो सकता है बैंक अकाउंट, भूल से भी न करें ये गलती

ये भी पढे़ंः बार-बार रिचार्ज की झंझट खत्म! इस कंपनी ने उतारा 380 दिन वाला खास पैक, कॉलिंग और डेटा के साथ बीमा भी Free

Related Articles

Back to top button