सीता के किरदार में साई पल्लवी को देख दादा ने दिया ऐसा रिएक्शन, बोले- ऐसा लगा जैसे….

Sai Pallavi: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ जब से रिलीज हुई है. तब से हर तरफ इसकी चर्चा है. फिल्म दर्शकों को काफी पसंद आई है. सिर्फ फिल्म ही नहीं बल्कि इस फिल्म में निभाए किरदारों ने भी दर्शकों का दिल जीता है. रामायण में माता सीता का किरदार साई पल्लवी ने निभाया है. इसके लिए उन्हें खूब तारीफें मिल रही हैं. फैंस को उनकी एक्टिंग और लुक काफी पसंद आया है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस के दादा का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि साई पल्लवी ने ‘रामायण’ में एक्टिंग नहीं की. अब एक्ट्रेस ने खुद इस बयान के पीछे की पूरी कहानी बताई है और साफ किया है कि उनके दादा का असल में क्या मतलब था.
Behindwoods को दिए एक इंटरव्यू में साई पल्लवी ने उस वीडियो पर बात की, जिसमें उनके दादा कहते सुनाई दे रहे थे कि ‘साई पल्लवी ने रामायण में एक्टिंग नहीं की.’ एक्ट्रेस ने बताया कि वीडियो को बीच से काटकर शेयर किया गया था, जिसकी वजह से उनके दादा की बात का पूरा मतलब सामने नहीं आ पाया. साई ने बताया कि उनके दादा ने असल में कहा था, ‘मुझे नहीं लगता कि उसने एक्टिंग की है. मुझे तो लगता है कि भगवान ने ही उसके जरिए अभिनय किया है.’
सबसे पहले दादा-दादी को दी थी सीता बनने की खबर’
इससे पहले BritAsia TV को दिए एक इंटरव्यू में साई पल्लवी ने बताया था कि वह ऐसे परिवार में पली-बढ़ी हैं, जहां उनके दादा-दादी अक्सर उन्हें और घर के दूसरे बच्चों को देवी-देवता कहकर बुलाते थे. एक्ट्रेस ने कहा, ‘मैं ऐसे घर में बड़ी हुई हूं, जहां मेरे दादा-दादी हमें भगवान और देवी-देवता कहते थे. जब हमसे कोई गलती होती थी, तो वे कहते थे कि तुम देवी हो, तुम्हें ऐसा नहीं करना चाहिए. इस वजह से हम पर काफी दबाव भी रहता था.’ साई ने बताया कि जब उन्हें सीता का किरदार निभाने का ऑफर मिला, तो सबसे पहले उन्होंने यह बात अपने दादा-दादी को ही बताई थी. उनकी यह खबर सुनकर दोनों बेहद खुश हुए थे.
देवी का किरदार निभाना आसान नहीं: साई पल्लवी
साई पल्लवी पहले भी बता चुकी हैं कि किसी देवी का किरदार निभाना किसी भी एक्टर के लिए आसान नहीं होता. जुलाई में फिल्म के प्रमोशनल इवेंट के दौरान उन्होंने कहा था कि ऐसे किरदार निभाने के लिए पूरी टीम को अपना दिल और मेहनत लगानी पड़ती है, ताकि उसे पर्दे पर बेहतरीन तरीके से दिखाया जा सके.
ये भी पढ़ें: ईशा संग ब्रेकअप की अफवाहों के बीच अविनाश मिश्रा का पोस्ट, लिखा- रिलेशनशिप एंटरटेनमेंट का जरिया नहीं




