डॉक्टर ने बताया ‘मिस्टेक’, उस गलती का खामियाजा भुगतेगी 45 साल की महिला

हांगकांग से मेडिकल लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां एक सीनियर सर्जन ने ऑपरेशन के दौरान ऐसी गलती कर दी, जिसका असर महिला की पूरी जिंदगी पर पड़ सकता है. डॉक्टर को महिला की सिर्फ बच्चेदानी (गर्भाशय) और फैलोपियन ट्यूब निकालनी थीं, लेकिन ऑपरेशन के दौरान उन्होंने गलती से उसकी दोनों ओवरी (अंडाशय) भी निकाल दीं. हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर चूक को डॉक्टर ने खुद स्वीकार किया है और इसे ‘नौसिखियों जैसी गलती’ बताया है.
यह मामला हांगकांग के चाइनीज यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग (CUHK) मेडिकल सेंटर का है. जानकारी के मुताबिक, 12 सितंबर को 45 साल की एक महिला का ऑपरेशन किया गया था. महिला में एंडोमेट्रियल लेजन (गर्भाशय की अंदरूनी परत से जुड़ी असामान्य समस्या) होने का शक था. इसी वजह से डॉक्टरों ने उसकी बच्चेदानी और फैलोपियन ट्यूब निकालने का फैसला किया था. हालांकि, सर्जरी के दौरान दोनों ओवरी भी निकाल दी गईं, जबकि ऐसा करने की योजना नहीं थी.
ऑपरेशन के दौरान बड़ी चूक
इस ऑपरेशन को प्रोफेसर चेउंग तक-होंग कर रहे थे. उन्होंने साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) से बातचीत में अपनी गलती स्वीकार करते हुए बताया कि ऑपरेशन थोड़ा मुश्किल था. उनका ध्यान एक खास चीज पर इतना ज्यादा चला गया कि वह पहले से तय सर्जरी के प्लान को भूल गए. चेउंग ने कहा कि ऑपरेशन थोड़ा मुश्किल था और मैं एक ही चीज पर ज्यादा ध्यान दे रहा था. इसी दौरान मेरे दिमाग से पहले तय की गई योजना निकल गई.” उन्होंने यह भी साफ किया कि इस गलती के लिए उनके पास कोई बहाना नहीं है. उनके मुताबिक, गलती हुई है तो उसे स्वीकार करना और उसकी जिम्मेदारी लेना जरूरी है.
डॉक्टर ने एक दूसरे इंटरव्यू में भी इस घटना को ‘रूकी मिस्टेक’ यानी नौसिखियों जैसी गलती बताया. उन्होंने कहा कि वह अपनी चूक की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं. साथ ही, उन्होंने महिला और उसके परिवार से व्यक्तिगत रूप से माफी भी मांगी है. चेउंग के मुताबिक, महिला और उसके परिवार ने उनकी माफी स्वीकार कर ली है. सर्जन ने भरोसा दिलाया है कि वह आगे भी महिला के इलाज और देखभाल की जिम्मेदारी खुद संभालेंगे. उनकी कोशिश रहेगी कि इस गलती के कारण महिला को भविष्य में कम से कम परेशानियों का सामना करना पड़े. इसके अलावा उन्होंने कहा कि वह ऐसे कदम उठाएंगे, जिससे भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.
बुधवार को CUHK मेडिकल सेंटर ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी. अस्पताल के CEO चुंग किन-लाई ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर की परिस्थितियों को समझने और उन पर नजर बनाए रखने की क्षमता कुछ समय के लिए प्रभावित हो गई थी. आसान शब्दों में कहें तो उस वक्त डॉक्टर का ध्यान भटक गया था.
अस्पताल प्रमुख ने इस घटना को मरीज और डॉक्टर, दोनों के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि अस्पताल इस घटना से काफी दुखी है और मरीज के साथ-साथ उसके परिवार से भी माफी मांगता है. अस्पताल ने मामले की जानकारी हांगकांग के स्वास्थ्य विभाग को भी दे दी है.
यह भी पढ़ें: अयोध्या की सरयू नदी में दिखा विशाल सांप? वायरल वीडियो ने लोगों को चौंकाया, जानिए क्या है सच
द स्ट्रेट्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, चेउंग स्त्री रोग और प्रसूति विज्ञान के विशेषज्ञ हैं. उनकी खास विशेषज्ञता गाइनेकोलॉजिकल ऑन्कोलॉजी यानी महिलाओं के प्रजनन अंगों से जुड़े कैंसर के इलाज में है. वह CUHK में कंसल्टेंट और यूनिवर्सिटी के मेडिकल स्कूल में मानद क्लीनिकल प्रोफेसर भी हैं. फिलहाल, डॉक्टर के खिलाफ क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है. चेउंग ने खुद भी कहा है कि इस मामले में कार्रवाई को लेकर अभी कोई आखिरी निर्णय नहीं लिया गया है.




