स्वास्थ्य

सिरदर्द, आंखों में चमक महसूस होना… संकेत जो बताते हैं नजर हो रही कमजोर

आजकल लंबे समय तक मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल स्क्रीन के इस्तेमाल के कारण आंखों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. कई बार लोग सिरदर्द, आंखों में भारीपन या आंखों के सामने चमक महसूस होने को सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. हालांकि, ये लक्षण कमजोर होती नजर या आंखों से जुड़ी किसी अन्य समस्या का संकेत हो सकते हैं. समय रहते इन लक्षणों को पहचानना और आंखों की जांच कराना बेहद जरूरी है.

सिरदर्द और आंखों में दर्द क्यों होता है?

डॉक्टर दिग्विजय सिंह (कंसलटेंट ओप्थामालॉजी, धर्मशीला नारायणा हॉस्पिटल) कहते हैं कि लगातार मोबाइल या कंप्यूटर स्क्रीन देखने से आंखों पर दबाव पड़ सकता है. जब व्यक्ति को साफ देखने में परेशानी होती है, तो वह अनजाने में आंखों पर जोर डालता है. इससे आंखों की मांसपेशियों में थकान, माथे में दर्द और सिरदर्द की समस्या हो सकती है. चश्मे का गलत नंबर होना या नजर कमजोर होने के बावजूद चश्मा न पहनना भी इसका कारण बन सकता है. हालांकि, हर तरह का सिरदर्द आंखों की कमजोरी से जुड़ा हो, यह जरूरी नहीं है.

इसके अलावा, अगर सिरदर्द के साथ आंखों में दर्द भी हो रहा है, तो यह आंखों के अंदर दबाव बढ़ने का संकेत हो सकता है. ऐसी स्थिति में आंखों के डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है.

आंखों के सामने चमक या रोशनी दिखाई देना किस बात का संकेत है?

आंखों के सामने अचानक चमकती रोशनी, छोटे-छोटे धब्बे या बिजली जैसी लकीरें दिखाई देना कई कारणों से हो सकता है. कुछ लोगों में यह माइग्रेन के दौरान होने वाले विजुअल ऑरा का लक्षण होता है. यानी सिरदर्द के साथ आंखों के सामने चमक महसूस होना कभी-कभी माइग्रेन का संकेत भी हो सकता है. वहीं, आंखों के पर्दे यानी रेटिना में खिंचाव या उसके अलग होने जैसी गंभीर समस्या में भी अचानक चमक दिखाई दे सकती है. यदि चमक के साथ अचानक बहुत सारे काले धब्बे दिखने लगें या नजर के सामने पर्दा-सा आने लगे, तो तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए.

नजर कमजोर होने के अन्य लक्षण क्या हैं?

दूर या पास की चीजों को साफ देखने में परेशानी होना

पढ़ते समय बार-बार आंखों को सिकोड़ना

मोबाइल या किताब को आंखों के बहुत पास लाकर पढ़ना

लगातार आंखों में थकान, जलन या भारीपन महसूस होना

रात में गाड़ी चलाते समय देखने में परेशानी होना

पढ़ने या स्क्रीन देखने के बाद सिरदर्द होना

चीजों का धुंधला या दोहरा दिखाई देना

आंखों की रोशनी को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?

आंखों की सेहत बनाए रखने के लिए कुछ आदतों में बदलाव करना जरूरी है. डिजिटल स्क्रीन का इस्तेमाल करते समय 20-20-20 नियम अपनाएं. इसके तहत हर 20 मिनट में 20 सेकंड के लिए लगभग 20 फीट दूर रखी किसी वस्तु को देखें. पर्याप्त रोशनी में पढ़ें और मोबाइल या लैपटॉप को आंखों से उचित दूरी पर रखें. आंखों को बार-बार रगड़ने से बचें और संतुलित आहार लें. हरी पत्तेदार सब्जियां, गाजर, बादाम और विटामिन ए से भरपूर खाद्य पदार्थ आंखों की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकते हैं.

कब डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है?

यदि सिरदर्द और धुंधली नजर की समस्या लगातार बनी रहती है, तो आंखों की जांच जरूर कराएं. नियमित आई चेकअप से नजर के नंबर और आंखों से जुड़ी समस्याओं का समय पर पता लगाया जा सकता है. वहीं, अचानक चमक दिखाई देने, नजर में पर्दा आने, अचानक दृष्टि कम होने या तेज आंख दर्द की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लें.

Related Articles

Back to top button