कंपनी ने दिवाली पर कर्मचारियों को तोहफे में दिए iPhone 16! VIDEO देख लोग बोले- ‘वैकेंसी है क्या?’

दिवाली मतलब खुशियां, दोस्तों-रिश्तेदारों से मिलना और ऑफिस से मिलने वाले गिफ्ट का इंतजार. आमतौर पर दिवाली पर कंपनियां अपने कर्मचारियों को मिठाई का डिब्बा, ड्राई फ्रूट्स या छोटा-मोटा गिफ्ट देती हैं. लेकिन दिल्ली की एक कंपनी ने इस बार ऐसा कर दिया कि सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया. इस कंपनी ने अपने कर्मचारियों को दिवाली बोनस में सीधे iPhone 16 गिफ्ट कर दिया. जैसे ही इसका वीडियो इंटरनेट पर आया, वो आग की तरह वायरल हो गया और अब हर तरफ उसी की बात हो रही है.
कर्मचारियों की टेबल पर सजे मिले रंग-बिरंगे iPhone
नई दिल्ली के रोहिणी स्थित कंपनी ‘फाइनेंसरसाब’ ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट @financersaab2.0 से इस सेलिब्रेशन का वीडियो शेयर किया है. सिर्फ 15 सेकंड के इस वीडियो में दिख रहा है कि ऑफिस में सभी की टेबल पर कंप्यूटर के सामने चमकता हुआ iPhone 16 रखा है.
हर फोन को बड़े प्यार से रंग-बिरंगे रिबन से सजाया गया है. वीडियो के आखिर में महिला कर्मचारियों के चेहरे पर जो खुशी दिख रही है, वो देखने लायक है. कंपनी ने वीडियो के साथ मजेदार कैप्शन लिखा है- कोई कॉम्पिटिशन नहीं. आपको क्या मिला?
सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई, लोगों ने लिए मजे
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों के मजेदार कमेंट आने लगे. वीडियो देखकर कुछ लोगों को अपनी आंखों पर यकीन ही नहीं हुआ. कुछ लोगों ने कमेंट में पूछा कि क्या ये वीडियो असली है या AI से बनाया गया है. इस पर कंपनी ने हंसते हुए जवाब दिया और कहा कि वीडियो को दोबारा देखो, ये एकदम सच है. फिर क्या था? एक यूजर ने तुरंत मजाकिया लहजे में पूछ लिया, यहां वैकेंसी है क्या?
जलन और सोन पापड़ी
दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे वीडियो देखकर जलन से बचने के लिए उन्हें दिवाली पर इंस्टाग्राम चलाना ही बंद करना पड़ेगा. वहीं एक और यूजर ने दुख जताते हुए लिखा कि उन्हें अपने बॉस से सोन पापड़ी का डिब्बा तक नहीं मिला.
यहां देखिए वायरल वीडियो
View this post on Instagram




