अजब-गजब

पहले रात 9 बजे तक करते थे काम, अब 5 बजते ही लॉग-आउट! फ्लेक्सिबिलिटी खत्म करना कंपनी को पड़ा भारी

अक्सर कंपनियां अपने पास काम करने वाले लोगों की प्रोडक्टिविटी बढ़ाने और टीम के बीच बेहतर तालमेल बिठाने के लिए नए-नए नियम बनाती हैं, लेकिन कई बार ये सख्त नियम फायदे की जगह नुकसान पहुंचा देते हैं. ऐसा ही एक दिलचस्प किस्सा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर वायरल हो रहा है, जहां एक कंपनी की सख्त अटेंडेंस पॉलिसी खुद उसी पर उल्टी पड़ गई.

अर्जुन (@think_in_points) नाम के एक यूजर ने अपनी पिछली कंपनी का एक्सपीरियंस शेयर करते हुए बताया कि कैसे ‘कोलैबोरेशन’ यानी आपसी तालमेल के नाम पर बनाए गए एक नियम ने ऑफिस के कामकाज का पूरा तरीका ही बदल दिया. अर्जुन के मुताबिक, कंपनी के HR टीम ने एक नोटिस शेयर किया और लिखा कि कई लोग सुबह 11 या 12 बजे के आसपास ऑफिस आ रहे हैं. इस पर लगाम लगाने के लिए HR ने एक नया फरमान जारी कर दिया.

सख्त नियमों ने बिगाड़ा वर्क कल्चर

नए नियम के तहत सभी कर्मचारियों के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ऑफिस में मौजूद रहना अनिवार्य कर दिया गया. कंपनी ने इस समय को ‘कोर कोलैबोरेशन आवर्स’ का नाम दिया. इसके साथ ही नियमों को लेकर इतनी सख्ती बरती गई कि अगर कोई कर्मचारी 10 बजकर 1 मिनट पर भी ऑफिस पहुंचता, तो उसे वार्निंग दी जाती थी और मामला ऊपर तक पहुंचा दिया जाता था.

अर्जुन ने इस बदलाव के पीछे की असली तस्वीर सामने रखते हुए बताया कि नया नियम आने से पहले ऑफिस का माहौल काफी फ्लेक्सिबल था. कर्मचारियों को अपनी सुविधा के हिसाब से दिन प्लान करने की आजादी थी. कई लोग सुबह जल्दी घर से ही काम शुरू कर देते थे और फिर भारी ट्रैफिक से बचते हुए 11 या 12 बजे तक ऑफिस पहुंचते थे. इतना ही नहीं, काम पूरा करने के लिए कई कर्मचारी शाम 7, 8 या रात 9 बजे तक भी ऑफिस में रुकते थे.

लेकिन जैसे ही 10 से 5 की अनिवार्य हाजिरी वाला नियम लागू हुआ, कर्मचारियों का नजरिया पूरी तरह बदल गया. जो लोग पहले देर रात तक रुककर काम निपटाते थे, उन्होंने अब घड़ी की सुई पर नजर रखना शुरू कर दिया. अर्जुन ने लिखा कि इस नियम के आने के बाद जैसे ही शाम के 5 बजते, लोग अपना बैग पैक करके ऑफिस से निकल जाते थे. आखिरकार, उन्होंने कंपनी के तय किए गए अनिवार्य घंटे पूरे कर लिए थे. अर्जुन ने कंपनी के इस रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि जिस नियम को बेहतर काम और तालमेल के लिए लाया गया था, उसने असल में कर्मचारियों की फ्लेक्सिबिलिटी और काम करने के कुल घंटों को ही कम कर दिया.

यह भी पढ़ें: शादी में अचानक डांस फ्लोर पर पहुंचे अंकल, फिर जो किया उसे देखकर सब रह गए हैरान!

उनके इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी जमकर प्रतिक्रिया दी है और अपने-अपने ऑफिस के अजीबोगरीब नियमों के किस्से साझा किए हैं. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि उसके ऑफिस का HR तो अब ‘सिक लीव’ (बीमारी की छुट्टी) का कॉन्सेप्ट ही खत्म करने की सोच रहा है, क्योंकि उन्हें यह पसंद नहीं कि लोग इसका इस्तेमाल करके लॉन्ग वीकेंड मनाएं. वहीं, एक अन्य यूजर ने 5 बजे ऑफिस छूटने की बात पर चुटकी लेते हुए इसे ‘ड्रीम लाइफ’ यानी सपनों जैसी जिंदगी बताया.

यहां देखिए पोस्ट

Related Articles

Back to top button