अजब-गजब

दुबई में बनेगा सोने का रास्ता, 24 कैरेट गोल्ड वॉकवे की तैयारी, जानिए क्या है पूरा प्लान

दुबई अपनी खास और बड़ी योजनाओं से दुनिया को चौंकाने का कोई मौका नहीं छोड़ता. अब शहर एक ऐसा प्रोजेक्ट लेकर आ रहा है, जिसके बारे में सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे. यहां जल्द ही 24 कैरेट सोने का एक खास वॉकवे बनाया जा रहा है. यानी आने वाले समय में लोग सिर्फ सोने की खरीदारी ही नहीं करेंगे, बल्कि सोने से बने रास्ते पर चलने का एक्सपीरियंस भी ले सकेंगे. इसे दुनिया का पहला और सबसे लंबा गोल्ड वॉकवे बताया जा रहा है.

यह खास वॉकवे दुबई के डीरा इलाके में स्थित दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट में तैयार किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट को लेकर दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट के सीनियर डायरेक्टर रशीद अल हमूदी ने जानकारी दी है. उनके मुताबिक, इसे 2026 के अंत से पहले आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है. हालांकि, अभी तक इसके उद्घाटन की पक्की तारीख सामने नहीं आई है.

अब सड़क पर चलेंगे लोग या सोने पर?

दरअसल, दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट शहर का एक बड़ा गोल्ड और ज्वेलरी कारोबार केंद्र है. इसे जनवरी 2026 में लॉन्च किया गया था. इसका मकसद सोने, गहनों, बुलियन, थोक कारोबार और निवेश से जुड़ी सभी सुविधाओं को एक ही जगह पर उपलब्ध कराना है. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस पूरे डिस्ट्रिक्ट में 1,000 से ज्यादा रिटेल दुकानें मौजूद हैं.

गोल्ड वॉकवे को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि यह 24 कैरेट सोने से तैयार किया जाएगा. लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है. अभी तक अधिकारियों ने यह साफ नहीं किया है कि इसमें कितनी मात्रा में सोने का इस्तेमाल होगा या इसे बनाने के लिए कौन-सी तकनीक अपनाई जाएगी. इसकी लंबाई और लागत का खुलासा भी नहीं हुआ है. इसलिए यह मान लेना सही नहीं होगा कि पूरा रास्ता ठोस सोने से बनाया जाएगा.

इस प्रोजेक्ट के पीछे सिर्फ लोगों को एक अनोखा एक्सपीरियंस देना ही मकसद नहीं है. दुबई चाहता है कि दुनिया भर से आने वाले पर्यटक इस जगह को देखने पहुंचें. साथ ही, शहर को इंटरनेशनल गोल्ड ट्रेडिंग और ज्वेलरी मार्केट के बड़े केंद्र के रूप में और पहचान मिले.

दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट के आंकड़ों के मुताबिक, 2026 की शुरुआत से यहां नए होलसेल गोल्ड ट्रेडिंग ऑफिस की संख्या में 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, सोने, ज्वेलरी, कीमती पत्थरों और लग्जरी घड़ियों से जुड़ी नई दुकानों की संख्या भी 15 फीसदी बढ़ी है.

यह भी पढ़ें: नौकरी से निकाला, सैलरी काटी और पीछे से खेल किया अब इस एआई कंपनी को कोर्ट में चुकानी होगी बड़ी कीमत!

गोल्ड वॉकवे का आइडिया भी नया नहीं है. जनवरी 2026 में गोल्ड डिस्ट्रिक्ट की लॉन्चिंग के दौरान दुबई मीडिया ऑफिस ने दुनिया की पहली गोल्ड स्ट्रीट बनाने की योजना का जिक्र किया था. इसे पर्यटकों के लिए एक खास आकर्षण बनाने की बात कही गई थी.

Related Articles

Back to top button