अजब-गजब

‘टोटका प्रैंक’ का ऐसा खौफ कि बाप-बेटी ने भी बदल लिया रास्ता, वायरल वीडियो देख लोटपोट हुए लोग

अक्सर हम देखते हैं कि लोग जल्दबाजी के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डालकर व्यस्त सड़कों के डिवाइडर के छोटे से गैप से निकलने लगते हैं. प्रशासन चाहे जितने बैरिकेड लगा ले या चेतावनी के बोर्ड टांग दे, लेकिन लोग अपनी आदत से बाज नहीं आते. ऐसे ही नियम तोड़ने वालों को सबक सिखाने के लिए एक शख्स ने ऐसा गजब का ‘देसी जुगाड़’ निकाला, जिसे देखकर आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे. इस शख्स ने लोगों को रोकने के लिए न तो कोई लोहे की जाली लगाई और न ही किसी गार्ड को खड़ा किया, बल्कि उसने इस्तेमाल किया भारत का सबसे पुराना और असरदार हथियार यानी ‘टोटका प्रैंक’.

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक मजेदार वीडियो में इस पूरे कारनामे को देखा जा सकता है. वीडियो की शुरुआत में यह शख्स डिवाइडर के उस संकरे रास्ते के ठीक पास सड़क पर लाल सिंदूर से एक गोल घेरा बनाता है. इसके बाद वह बड़े ही सलीके से उस घेरे के बगल में सिंदूर से भरी एक छोटी सी कटोरी रख देता है. देखने में यह बिल्कुल वैसा ही लगता है जैसे किसी ने वहां कोई तंत्र-मंत्र या काला जादू किया हो.

बैरिकेड नहीं, ‘टोटका’ आया काम

इस ‘टोटके’ का असर इतना जबरदस्त हुआ कि देखने वाले भी हैरान रह गए. जो लोग रोजाना बिना किसी डर के उस गैप से सड़क पार करते थे, वे सिंदूर और कटोरी देखते ही सहम गए. कई राहगीर तो वहां तक आए, लेकिन नीचे रखे इस ‘तांत्रिक इंतजाम’ को देखते ही उनके कदम ठिठक गए और वे चुपचाप अपना रास्ता बदलकर दूसरे तरफ से जाने लगे. हद तो तब हो गई जब अपनी छोटी बेटी के साथ सड़क पार करने जा रहे एक पिता ने भी उस कटोरी को देखा. उन्होंने तुरंत अपनी बेटी का हाथ पकड़ा और बिना कोई रिस्क लिए अपना रास्ता मोड़ लिया.

दरअसल, हमारे समाज में चौराहों या रास्तों पर सिंदूर, नींबू, मिर्च या किसी कटोरी को इस तरह रखे देखकर लोगों के मन में काले जादू और बुरी नजर का डर बैठ जाता है. लोगों को लगता है कि अगर उन्होंने इसे लांघा या गलती से भी इस पर पैर रख दिया, तो उन पर कोई मुसीबत आ सकती है या किसी बुरी आत्मा का साया पड़ सकता है. बस इसी मनोविज्ञान और डर का इस शख्स ने बड़ी ही चालाकी से फायदा उठाया.

यह भी पढ़ें: शादी नहीं चली तो क्या हुआ, जिंदगी तो है! तलाक के बाद महिला ने अनोखे अंदाज में मनाया जश्न

सोशल मीडिया पर यह वीडियो आग की तरह फैल गया है और अब तक इसे 21 लाख (2.1 मिलियन) से ज्यादा बार देखा जा चुका है. कमेंट सेक्शन में लोगों के मजेदार रिएक्शंस की बाढ़ आ गई है. एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि यही एक इकलौती चीज है जो भारतीयों से नियमों का पालन करवा सकती है. वहीं दूसरे ने वीडियो पर कमेंट कर लिखा कि भारतीय समस्याओं के लिए सिर्फ भारतीय समाधान ही काम आते हैं. एक अन्य शख्स ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि इस डर के आगे तो हर धर्म के लोग झुक जाएंगे और कोई भी वहां से नहीं गुजरेगा. किसी ने इस आइडिया को रास्ता बंद करने की निंजा टेक्निक करार दिया, तो एक यूजर ने बिल्कुल सटीक बात लिखते हुए कहा कि जिस इंसान को लोहे का बैरिकेड नहीं रोक पाया, उसे आखिरकार अंधविश्वास ने रोक ही दिया. वाकई, बिना किसी खर्च और झगड़े के लोगों को सुधारने का यह तरीका इंटरनेट पर हर किसी का दिल जीत रहा है.

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

mangolpuri 🤟 (@f_block_ki_picture) द्वारा साझा की गई पोस्ट

Related Articles

Back to top button