60 छुट्टियां जमा होने के बावजूद बॉस के नखरे! कॉर्पोरेट कल्चर की इस कहानी ने सोशल मीडिया पर छेड़ी बहस

कॉर्पोरेट ऑफिसों में अक्सर काम और प्राइवेट लाइफ के बीच तालमेल बिठाना एक बड़ी चुनौती बन जाता है. ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट (Reddit) पर सामने आया है, जहां एक मैनेजर ने अपनी महिला कर्मचारी की उस छुट्टी को कम करने की मांग रख दी, जिसे करीब तीन महीने पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी.
बेंगलुरु के टेक्सटाइल सेक्टर में मैनेजर के तौर पर काम करने वाले एक शख्स ने रेडिट के ‘r/IndianWorkplace’ ग्रुप पर अपनी पत्नी की यह परेशानी साझा की है. उन्होंने बताया कि वे खुद अपने फैमिली बिजनेस में हैं, जबकि उनकी पत्नी एक बड़ी कॉर्पोरेट कंपनी में 5 से 6 लोगों की टीम को लीड करती हैं. कपल ने जनवरी में जापान घूमने का प्लान बनाया था. इसके लिए पत्नी ने तीन महीने पहले ही दो हफ्ते की छुट्टी के लिए अप्लाई किया था, जिसे मैनेजर ने बिना किसी आपत्ति के अप्रूव कर दिया था. इतना ही नहीं, वीजा प्रोसेस के लिए कंपनी के एचआर (HR) विभाग ने उन्हें बाकायदा एनओसी (NOC) भी जारी कर दी थी.
काम करो या ट्रिप छोटी करो
मंजूरी मिलने के बाद दोनों ने वीजा लगवा लिया और आने-जाने की फ्लाइट्स से लेकर होटल तक की सारी बुकिंग पूरी कर ली. लेकिन अब ट्रिप से कुछ समय पहले मैनेजर अचानक अपनी बात से पलट गया है. मैनेजर का कहना है कि दो हफ्ते की छुट्टी बहुत लंबी है, इसलिए वह इसे घटाकर 8 से 10 दिन कर ले या फिर ट्रिप के दौरान ‘वर्क फ्रॉम होम’ (WFH) करे.
पति ने बताया कि उनकी पत्नी के पास पिछले कई सालों की करीब 50 से 60 छुट्टियां जमा हैं, जिनमें से वह एक छोटा सा हिस्सा ही इस्तेमाल कर रही हैं. जनवरी का समय इसलिए चुना गया था क्योंकि उस दौरान उनके फैमिली बिजनेस में काम का दबाव कम रहता है. फिलहाल महिला इस बात से परेशान है कि वह ऑफिस में अपने सहकर्मियों को अपनी विदेश यात्रा के बारे में बताए बिना मैनेजर को कैसे मना करे.
इस पोस्ट पर कई यूजर्स ने महिला को समझदारी भरे सुझाव दिए हैं. एक यूजर ने सलाह दी कि वह मैनेजर को विनम्रता से याद दिलाए कि छुट्टी पहले ही मंजूर हो चुकी थी, जिसके आधार पर उन्होंने कुछ निजी कमिटमेंट्स और तैयारियां कर ली हैं. अब प्लान बदलने से उन्हें व्यक्तिगत और आर्थिक दोनों तरह का नुकसान होगा.
वहीं, एक अन्य यूजर ने विदेश से ‘वर्क फ्रॉम होम’ करने के खतरे को लेकर आगाह किया. उन्होंने लिखा कि बिना वर्क वीजा के दूसरे देश से काम करना कंपनी की पॉलिसी और कानून के खिलाफ है. जैसे ही ऑफिस का लैपटॉप भारत के बाहर किसी वाई-फाई से जुड़ेगा, कंपनी की सिक्योरिटी टीम को तुरंत अलर्ट मिल जाएगा और इस वजह से नौकरी भी जा सकती है.
कुछ लोगों ने यह भी सुझाव दिया कि महिला को साफ कह देना चाहिए कि अगर कंपनी अपनी विशेष मांग पर छुट्टी कम करवाना चाहती है, तो फ्लाइट और होटल कैंसिलेशन से होने वाले भारी आर्थिक नुकसान की भरपाई कंपनी को करनी होगी. इसके अलावा, एक यूजर ने हल्के-फुल्के अंदाज में ‘मैरिज कार्ड’ खेलने की सलाह देते हुए कहा कि वह यह कहकर बात टाल सकती हैं कि पहले मंजूरी मिलने के बाद अब प्लान बदलने से उनके पति काफी नाराज हैं.
यहां देखिए पोस्ट
Manager asking my wife to reconsider her leave.
by
u/interestingbeacon in
IndianWorkplace




