बच्चों को लेकर रेस्टोरेंट मालिक ने बनाया ऐसा नियम, सुनकर हैरान रह जाएंगे माता-पिता!

कनाडा के मैनिटोबा प्रांत के विन्निपेग शहर में एक रेस्टोरेंट इन दिनों अपने खाने से ज्यादा एक अनोखे फैसले को लेकर चर्चा में है. यहां एक ऐसा नियम बनाया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. रेस्टोरेंट की मालकिन ने साफ कर दिया है कि उनके यहां 15 साल से कम उम्र के बच्चों को एंट्री नहीं मिलेगी. इस फैसले के बाद कुछ लोग मालकिन का समर्थन कर रहे हैं, तो कई लोग इसे गलत और भेदभावपूर्ण बता रहे हैं.
दरअसल, विन्निपेग के एलिस एवेन्यू में मिस क्रिस्टीन किचन नाम से एक नया रेस्टोरेंट खुलने की तैयारी कर रहा था. इसकी ओपनिंग 30 नवंबर को होनी थी. यहां ग्राहकों को जमैकन खाने का स्वाद मिलने वाला था. मेन्यू में ब्रेज्ड ऑक्सटेल, जर्क चिकन और फ्राइड प्लांटेन जैसे मशहूर व्यंजन शामिल हैं. लेकिन रेस्टोरेंट की चर्चा खाने के बजाय इसके ‘नो चिल्ड्रन’ नियम की वजह से होने लगी.
15 साल से कम उम्र वालों पर बैन!
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, रेस्टोरेंट की मालकिन और शेफ क्रिस्टीन पैटिसन ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनके यहां केवल 15 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों को ही बैठकर खाना खाने की अनुमति होगी. क्रिस्टीन का कहना है कि वह अपने रेस्टोरेंट में एक शांत और सुकून भरा माहौल चाहती हैं. उनकी कोशिश है कि लोग यहां अपने दोस्तों या पार्टनर के साथ आराम से समय बिता सकें और बिना किसी शोर-शराबे के खाने का मजा ले सकें. उनका रेस्टोरेंट छोटा और आरामदायक है, इसलिए वह इसे फैमिली रेस्टोरेंट के बजाय एडल्ट्स के लिए एक शांत जगह बनाना चाहती हैं.
इस फैसले पर लोगों की राय बंट गई है. कई लोगों ने क्रिस्टीन का समर्थन करते हुए कहा कि हर रेस्टोरेंट का बच्चों के लिए होना जरूरी नहीं है. तीन बच्चों के पिता एक शख्स ने भी कहा कि माता-पिता को यह समझना चाहिए कि हर जगह बच्चों को ले जाना जरूरी नहीं होता. वहीं, दूसरी तरफ कई लोगों ने इस नियम की आलोचना की. उनका कहना है कि रेस्टोरेंट जैसी सार्वजनिक जगह पर परिवारों और बच्चों को उम्र के आधार पर रोकना सही नहीं है.
मामला तब और बिगड़ गया, जब रेस्टोरेंट को सोशल मीडिया पर वन-स्टार रिव्यू मिलने लगे. क्रिस्टीन का आरोप है कि कुछ लोगों ने खाने से जुड़ी बीमारी और खराब सर्विस जैसी शिकायतें लिखीं, जबकि रेस्टोरेंट ने अभी तक ग्राहकों के लिए डाइन-इन सर्विस शुरू भी नहीं की थी. उन्होंने इन रिव्यूज के स्क्रीनशॉट फेसबुक पर शेयर किए और उन्हें हटाने की मांग की. क्रिस्टीन ने अपने फैसले के पीछे का कारण बताते हुए कहा कि रेस्टोरेंट इंडस्ट्री में काम करने के दौरान उन्होंने कई बार देखा है कि छोटे बच्चों की वजह से दूसरे ग्राहकों को परेशानी होती है. कुछ ग्राहकों ने तो बच्चों से दूर बैठने या देर से टेबल देने की मांग भी की थी.
उन्होंने यह भी बताया कि रेस्टोरेंट में करीब 30 लोगों के बैठने की जगह है. यहां रोशनी थोड़ी कम रहती है और बच्चों के मनोरंजन के लिए कोई खास व्यवस्था नहीं है. ऐसे में छोटे बच्चों को वहां लाना सही विकल्प नहीं लगता. हालांकि, जिन माता-पिता के बच्चे 15 साल से छोटे हैं, वे टेकअवे के जरिए खाना मंगवा सकते हैं. यह विवाद मैनिटोबा ह्यूमन राइट्स कमीशन तक भी पहुंच गया. क्रिस्टीन के मुताबिक, उन्हें बताया गया कि भेदभाव की शिकायत पर जांच के लिए किसी तरह के वास्तविक नुकसान या मानसिक परेशानी का प्रमाण होना जरूरी हो सकता है.
यह भी पढ़ें: Baby Doll की धुन पर लड़कियों ने दिखाए कमाल के डांस स्टेप्स, साड़ी वाले लुक ने जीता लोगों का दिल
आलोचनाओं के बावजूद क्रिस्टीन अपने फैसले पर कायम हैं. उनका कहना है कि इस नियम से कुछ ग्राहक जरूर कम हो सकते हैं, लेकिन वह अपने रेस्टोरेंट का माहौल वैसा ही रखना चाहती हैं जैसा उन्होंने सोचा है. इस बीच, दुनिया में एडल्ट्स-ओनली अनुभवों का चलन भी चर्चा में है. न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, JetBlue और Virgin Voyages ने भी 18 साल से अधिक उम्र के यात्रियों के लिए न्यूयॉर्क से फोर्ट लॉडरडेल तक एक खास चार्टर्ड फ्लाइट का अनुभव पेश किया था.




