उत्तर प्रदेश

Meta की बढ़ीं मुश्किलें, बिना पूछे फोन की गैलरी देख रहा था Facebook; लगा 8,360 करोड़ का जुर्माना

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook की पैरेंट कंपनी Meta की एक बार फिर से मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही है. मेटा को अब इटली में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. मेटा पर इटली में लगभग 8,360 करोड़ रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है. कंपनी पर आरोप है कि वह Android यूजर्स के फोन की गैलरी में मौजूद फोटो और वीडियो तक उनकी सही जानकारी और अलग से परमिशन लिए बिना पहुंच बना रही थी. इटली की डेटा प्रोटेक्शन अथॉरिटी ने इस मामले में सख्त एक्शन लेते हुए मेटा को लगभग 887 मिलियन डॉलर, भारतीय रुपये में 8,360 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. मेटा के इस फीचर से इटली में लगभग 2 करोड़ से भी ज्यादा यूजर्स प्रभावित हुए हैं.

इटली में शुरू हुए इस विवाद में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मेटा के Facebook का यह फीचर यूजर्स के फोन की गैलरी में मौजूद फोटो और वीडियो का सजेशन सोशल मीडिया पोस्ट के लिए देता था. इटली में यह फीचर साल 2023 से मौजूद था. लेकिन, यूजर्स को यह साफ तौर पर नहीं बताया गया था कि ऐप को दी गई परमिशन के जरिए उनके स्मार्टफोन की गैलरी की तस्वीरों और वीडियो तक एक्सेस है.

एक ही परमिशन से मिल रहा था पूरी गैलरी का एक्सेस

इटली की डेटा प्रोटेक्शन अथॉरिटी का कहना है कि Facebook ने ऐप में गैलरी एक्सेस करने के लिए एक ही परमिशन रिक्वेस्ट का प्रयोग किया. जिसमें यूजर्स को यह साफ शब्दों में नहीं बताया कि परमिशन देने के बाद ऐप उनकी फोटो और वीडियो को पोस्ट करने के सजेशन देने के लिए भी प्रयोग करेगा. ऐसे में यूजर्स के पास यह समझने का पर्याप्त मौके नहीं थे कि वे किस तरह का का एक्सेस दे रहे हैं.

रेगुलेटर ने मेटा को फेसबुक के इस फीचर में बदलाव करने के लिए दो महीने यानी 60 दिनों का समय दिया है. कंपनी को अब इस सुविधा को डिफॉल्ट रूप से ऑफ रखना होगा. अगर कोई यूजर इस फीचर का इस्तेमाल करना चाहता है तो उससे अलग से परमिशन देनी होगी. साथ ही कंपनी को यह भी बताना होगा कि फीचर फोन की गैलरी तक पहुंच बनाता है और इसे बंद कैसे किया जा सकता है.

पुराने यूजर्स पर भी लागू होगा नियम

इस मामले में जांच के दौरान यह भी सामने आया कि समस्या उन यूजर्स के लिए भी बनी हुई थी, जिन्होंने अभी तक Facebook ऐप अपडेट नहीं किया था या पुराने सिस्टम के तहत पहले ही गैलरी एक्सेस की अनुमति दे दी थी.

जुर्माने की रकम तय करते समय रेगुलेटर ने प्रभावित यूजर्स की संख्या, इस तरीके के इस्तेमाल की अवधि और जांच में Meta के सहयोग के स्तर को भी ध्यान में रखा. इस मामले की जांच साल 2025 में शुरू हुई थी. खबर लिखे जाने तक Meta की ओर से इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी.

क्या फोटो का इस्तेमाल AI ट्रेनिंग में हुआ?

इस विवाद के बाद यह सवाल भी उठने लगा कि क्या मेटा यूजर्स की पर्सनल तस्वीरों और वीडियो का प्रयोग अपने AI मॉडल को ट्रेन करने के लिए भी कर रहा है? इस सवाल के जवाब में इटली रेगुलेटर का कहना है कि उसकी जांच में यह बात शामिल नहीं थी. रेगुलेटर के अनुसार, मेटा ने फोटो और वीडियो का इस्तेमाल AI ट्रेनिंग के लिए करने से मना कर दिया है.

वहीं, साल 2026 में लॉन्च हुए एक दूसरे फीचर पर भी लोगों की नजर बनी हुई है. इस सुविधा के जरिए यूजर्स की गैलरी में मौजूद फोटो और वीडियो को रिमोट सर्वर पर प्रोसेस किया जा सकता है. ऐसे में आने वाले समय में इस फीचर की भी अलग से इटली प्रशासन द्वारा जांच हो सकती है.

ये भी पढ़ेंः Flipkart पर सस्ता हुआ Samsung का प्रीमियम फोन, 78 हजार रुपये तक की बचत का मौका, ये रही डिटेल्स

ये भी पढे़ंः 2.5 साल से लापता महिला को Google और ChatGPT ने अपने परिवार से मिलवाया, जानिए कैसे हुआ कमाल

Related Articles

Back to top button