CTET 2026 की तैयारी के लिए बचे डेढ़ महीने, जानें सब्जेक्ट वाइज रणनीति और परीक्षा में सफलता के टिप्स

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ओर से केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 2026 का आयोजन 12 और 13 दिसंबर को किया जाएगा. परीक्षा में अब करीब डेढ़ महीने का समय बचा है. ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए अपनी तैयारी को अंतिम रूप देना जरूरी है. इस परीक्षा में सफलता पाने के लिए केवल विषयों की जानकारी होना ही काफी नहीं है, बल्कि बाल विकास, टीचिंग मेथड लॉजी और बच्चों की सीखने की क्षमता को समझना भी जरूरी है.
परीक्षा के पैटर्न को अच्छी तरह समझें
CTET में दो पेपर होते हैं. पेपर-1 उन उम्मीदवारों के लिए होता है, जो कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाना चाहते हैं. वहीं, पेपर-2 कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित है. जो उम्मीदवार दोनों स्तरों पर टीचर बनना चाहते हैं, उन्हें दोनों पेपर देने होंगे. प्रत्येक पेपर में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं. परीक्षा कुल 150 नंबरों की होती है और इसे हल करने के लिए ढाई घंटे का समय मिलता है. इसलिए अभ्यर्थियों को अभी से निर्धारित समय में पूरा पेपर हल करने की प्रैक्टिस करनी चाहिए. इससे परीक्षा के दौरान समय की कमी नहीं होगी.
बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र पर दें ध्यान
CTET की तैयारी में बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र (CDP) की अहम भूमिका होती है. इस विषय में बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास, सीखने की प्रक्रिया, व्यक्तिगत अंतर और समावेशी शिक्षा से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं.
विषयों को रोजमर्रा की जिंदगी से जोड़ें
मैथ्स, एनवायरमेंटल स्टडी, साइंस और सोशल साइंस की तैयारी करते समय केवल तथ्यों और सूत्रों को याद करने तक सीमित न रहें. यह समझना भी जरूरी है कि किसी विषय को बच्चों को किस तरीके से पढ़ाया जा सकता है.
मैथ्स में सवाल हल करने के साथ उसकी बेसिक कॉंसेप्ट समझने पर जोर दें. एनवायरमेंटल स्टडी में परिवार, भोजन, पानी, आवास और परिवहन जैसे विषयों को दैनिक जीवन के उदाहरणों से जोड़ें. वहीं, पेपर-2 के अभ्यर्थी साइंस में प्राकृतिक घटनाओं, पदार्थों और जीव-जगत की जानकारी मजबूत करें. सोशल साइंस में इतिहास और भूगोल की बेसिक कॉंसेप्ट को अच्छी तरह समझें.




