ओडिशा सरकार देगी लैपटॉप खरीदने के लिए आर्थिक मदद, जानें कौन कर सकता है अप्लाई

डिजिटल एजुकेशन को बढ़ावा देने और मेधावी स्टूडेंट्स को टेक्निकल रूप से सक्षम बनाने के लिए ओडिशा सरकार ने एक अहम पहल की है. राज्य के उच्च शिक्षा विभाग ने गोदाबरीश विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना यानी ओडिशा लैपटॉप योजना 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं. इस योजना के तहत 12वीं पास करने वाले चयनित 15 हजार स्टूडेंट्स को लैपटॉप खरीदने के लिए 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. यह राशि सीधे छात्रों के आधार से जुड़े बैंक खातों में भेजी जाएगी. एलिजिबल स्टूडेंट 19 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर अप्लाई कर सकते हैं.
ओडिशा सरकार की इस योजना का उद्देश्य मेधावी छात्रों को डिजिटल एजुकेशन के लिए प्रोत्साहित करना है. इसके तहत राज्य के 15,000 चयनित स्टूडेंट्स को लैपटॉप खरीदने के लिए एकमुश्त 30,000 रुपये दिए जाएंगे. यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए छात्रों के आधार-लिंक्ड बैंक खातों में भेजा जाएगा.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना का लाभ लेने के लिए शर्तें
- आवेदक ओडिशा का स्थायी निवासी होना चाहिए.
- छात्र ने CHSE ओडिशा से 12वीं की परीक्षा साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स या वोकेशनल स्ट्रीम में पास की हो.
- श्री जगन्नाथ संस्कृत विश्वविद्यालय, पुरी से उपशास्त्री परीक्षा पास करने वाले स्टूडेंट भी आवेदन कर सकते हैं.
- परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत नंबर हासिल करने वाले छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी.
वर्ष 2025 में 12वीं पास करने वाले स्टूडेंट आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा 2024 में पास हुए वो स्टूडेंट भी एलिजिबल हैं, जो पिछली बार आवेदन नहीं कर पाए थे. स्टूडेंट्स का चयन ब्लॉक, शहरी स्थानीय निकाय (ULB), जिला, विषय और कैटेगरी के अनुसार निर्धारित सीटों के आधार पर तैयार की जाने वाली मेरिट लिस्ट से होगा.
आवेदन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट
ऑनलाइन फॉर्म भरने से पहले स्टूडेटंस को कुछ डॉक्यूमेंट तैयार रखने होंगे. इनमें 12वीं की मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, आधार से जुड़ा एक्टिव मोबाइल नंबर, NPCI से लिंक बैंक पासबुक और ओडिशा का निवास प्रमाण पत्र शामिल हैं. SC, ST, OBC और SEBC कैटेगरी के स्टूडेंट्स को जाति प्रमाण पत्र भी देना होगा.
कैसे करें ऑनलाइन आवेदन?
योजना के लिए आवेदन करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट scholarship.odisha.gov.in पर जाएं. यहां रजिस्ट्रेशन के विकल्प पर क्लिक करके आधार नंबर और मोबाइल नंबर की मदद से रजिस्ट्रेशन करें. इसके बाद प्राप्त लॉगिन डिटेल्स से स्टूडेंट लॉगिन करें. लॉगिन करने के बाद ‘Schemes’ सेक्शन में जाकर ‘Godabarisha Bidyarthi Protsahan Yojana’ चुनें. अब आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत, एकेडमिक और बैंक संबंधी डिटेल भरें. मांगे गए डॉक्यूमेंट अपलोड करने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें.




