मनोरंजन

Animal Park: फिर खूंखार अंदाज में लौटेंगे रणबीर कपूर, आ गया ‘एनिमल पार्क’ पर नया अपडेट, ऐसी है वांगा की प्लानिंग

Animal Park: रणबीर कपूर की ‘रामायण:पार्ट 1’ इस वक्त सिनेमाघरों में धूम मचा रही है. फिल्म को रिलीज हुए 23 दिन पूरे हो गए हैं. फिल्म जल्द ही दुनियाभर से 1800 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली है. यूं तो इस फिल्म का दूसरा पार्ट अब 2028 तक शिफ्ट हो गया है. लेकिन जल्द ही रणबीर कपूर फिल्म का काम शुरू कर देंगे, क्योंकि मेकर्स को इस पिक्चर में वक्त लगने वाला है. इसके अलावा उनके खाते में दो और बड़ी फिल्में है. जिसमें ‘बह्मास्त्र 2’ और ‘एनिमल पार्क’ भी शामिल है. इसी बीच बड़ा अपडेट आया कि संदीप रेड्डी वांगा ने ANIMAL PARK के लिए बड़ी तैयारी कर ली है.

फिलहाल संदीप रेड्डी वांगा का पूरा फोकस ही ‘स्पिरिट’ पर है. यह उनकी प्रभास के साथ अगली फिल्म है. अब क्योंकि इस वक्त प्रभास ‘फौजी’ पर काम कर रहे हैं, तो यहां ‘स्पिरिट’ के शूट में देरी हो गई. जिसके चलते फिल्म की रिलीज डेट बढ़ानी पड़ गई, जो पहले मार्च 2027 थी. खैर, इन सबके बीच खबर आई कि जल्द ही प्रभास ‘स्पिरिट’ के सेट पर लौटेंगे और शूटिंग शुरू करेंगे. लेकिन उसके बाद वांगा का पूरा फोकस ‘एनिमल पार्क’ पर होगा.

‘एनिमल पार्क’ पर सबसे बड़ा अपडेट

संदीप रेड्डी वांगा ने ‘एनिमल’ के सीक्वल को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने बताया कि ‘स्पिरिट’ का काम पूरा करने के तुरंत बाद वह इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर देंगे. फरीदून शहरयार के साथ एक इंटरव्यू में वो कहते हैं- ” मैं जल्द ही ‘एनिमल पार्क’ शुरू करूंगा. जैसे ही मैं ‘स्पिरिट’ का काम खत्म कर लूंगा, मैं ‘एनिमल पार्क’ पर काम शुरू कर दूंगा.” इस सीक्वल में संदीप रेड्डी वांगा एक बार फिर रणबीर कपूर के साथ काम करेंगे. फिल्म के पहले हिस्से में रश्मिका मंदाना, तृप्ति डिमरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर भी नजर आए थे.

दरअसल डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने ‘अर्जुन रेड्डी’ के साथ शानदार शुरुआत की थी. और फिर ‘कबीर सिंह’ और ‘एनिमल’ से उन्होंने बॉलीवुड में काफी धूम मचाई. फिलहाल वो प्रभास के साथ ‘स्पिरिट’ फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं, जो अक्टूबर 2027 में रिलीज होगी. वहीं, रणबीर कपूर भी संदीप रेड्डी के साथ काम करने का इंतजार कर रहे हैं. अब दोनों की फिल्मों पर अपडेट आ गया है.

‘एनिमल’ ने कितने कमाए थे?

साल 2023 में रिलीज हुई रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कमाई की थी. फिल्म ने भारत में 553.87 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. जबकि इसका इंडियन ग्रॉस कलेक्शन 660 करोड़ रुपये रहा था. ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने करीब 255 करोड़ रुपये जुटाए थे. इस तरह ‘एनिमल’ का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 915 करोड़ रुपये तक पहुंचा था.

Related Articles

Back to top button