शिक्षा

Open Doors Report 2026: अमेरिका में भारतीय स्टूडेंट्स की संख्या घटी, जानें इसके पीछे की वजह

अमेरिकी यूनिवर्सिटीज में पढ़ने वाले भारतीय स्टूडेंट्स की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है. लगातार तीन साल तक बढ़ोतरी के बाद एकेडमिक ईयर 2025-26 में पहली बार भारतीय छात्रों का नामांकन कम हुआ है. इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एजुकेशन (IIE) की ओर से जारी ओपन डोर्स रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में भारतीय स्टूडेंट्स की संख्या में सालाना आधार पर 6.5 प्रतिशत की कमी आई है. हालांकि, इस गिरावट के बावजूद भारतीय स्टूडेंट अमेरिका में विदेशी छात्रों का सबसे बड़ा समूह बने हुए हैं.

इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एजुकेशन की ओपन डोर्स रिपोर्ट के अनुसार, एकेडमिक ईयर 2025-26 में अमेरिका के हायर एजुकेशन संस्थानों में भारतीय छात्रों की संख्या घटकर 3,39,435 रह गई है. पिछले तीन वर्षों से भारतीय छात्रों के नामांकन में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी, लेकिन इस बार इसमें 6.5 प्रतिशत की कमी आई है.

इंटरनेशनल स्टूडेंट्स की संख्या भी घटी

यह गिरावट केवल भारतीय छात्रों तक सीमित नहीं है. अमेरिका में पढ़ने वाले कुल इंटरनेशनल स्टूडेंट्स की संख्या भी 2.7 प्रतिशत घटकर 11,46,163 रह गई है. पिछले सेशन में यह आंकड़ा 11,77,766 था. वहीं, पहली बार एडमिशन लेने वाले विदेशी छात्रों की संख्या में 17.7 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. इनकी संख्या 2,77,118 से घटकर 2,28,123 रह गई.

पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स में सबसे ज्यादा गिरावट

इस रिपोर्ट में बताया गया है कि भारतीय छात्रों के बीच पोस्ट ग्रेजुएट लेवल पर नामांकन सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है. अमेरिका में भारतीय ग्रेजुएट छात्रों की संख्या 34.4 प्रतिशत घटकर 1,16,609 रह गई है. वहीं, सभी देशों के अंतरराष्ट्रीय ग्रेजुएट छात्रों का नामांकन 13.4 प्रतिशत कम हुआ है. इसके मुकाबले अंडर ग्रेजुएट कोर्स में भारतीय छात्रों की संख्या लगभग स्थिर रही. इस स्तर पर केवल 0.3 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई है. इससे साफ है कि अमेरिका में हायर एजुकेशन के लिए जाने वाले भारतीय छात्रों में सबसे ज्यादा कमी ग्रेजुएट स्तर पर आई है.

OPT के लिए रुक रहे भारतीय छात्र

एक तरफ जहां नए एडमिशन में गिरावट आई है, वहीं ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (OPT) में शामिल भारतीय छात्रों की संख्या बढ़ी है. रिपोर्ट के मुताबिक, OPT में भाग लेने वाले भारतीय छात्रों की संख्या 26.8 प्रतिशत बढ़कर 1,82,201 हो गई है. सभी अंतरराष्ट्रीय छात्रों के मामले में भी OPT में 14.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. OPT के तहत विदेशी छात्रों को अपनी पढ़ाई से जुड़े क्षेत्र में अमेरिका में प्रैक्टिकल काम करने का मौका मिलता है. आंकड़े बताते हैं कि बड़ी संख्या में भारतीय स्टूडेंट पढ़ाई पूरी करने के बाद ट्रेनिंग और काम के एक्सपीरियंस के लिए अमेरिका में रुक रहे हैं.

छात्रों की संख्या घटने के पीछे बड़ी वजह क्या है?

रिपोर्ट में भारतीय समेत विदेशी छात्रों की संख्या घटने के पीछे अमेरिका की सख्त इमिग्रेशन और वीजा नीतियों को कारण बताया गया है. स्टूडेंट वीजा आवेदनों की कड़ी चेकिंग, अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर प्रतिबंध और पढ़ाई पूरी होने के बाद नौकरी के अवसरों को लेकर अनिश्चितता ने छात्रों की चिंता बढ़ाई है. रिपोर्ट के अनुसार, जिन संस्थानों में विदेशी छात्रों का नामांकन घटा है, उनमें से 88 प्रतिशत ने वीजा प्रक्रिया की सख्ती और 70 प्रतिशत ने यात्रा प्रतिबंधों को इसकी वजह माना है. वहीं, करीब 60 प्रतिशत संस्थानों का कहना है कि अब छात्र पढ़ाई के लिए दूसरे देशों के विकल्प भी तलाश रहे हैं.

Related Articles

Back to top button