मोबाइल रिचार्ज के लिए हर महीने देने होंगे ज्यादा पैसे? Airtel के मालिक ने बताया कितना होना चाहिए खर्च

क्या आप भी मोबाइल रीचार्ज की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं? अगर हां, तो आपकी यह मुसीबत आने वाले समय में और बढ़ सकती है! मोबाइल रीचार्ज की कीमतों में जल्द ही बढ़ोत्तरी हो सकती है.भारत की दूसरी प्राइवेट टेलीकॉम कंपनी एयरटेल के फाउंडर सुनील भारती मित्तल का कहना है कि भारत में मोबाइल सर्विस की कीमत अभी बहुत ही कम है. भारती के अनुसार, एक मोबाइल यूजर को हर महीने औसतन 350 रुपये मोबाइल सर्विस पर खर्च करने चाहिए. सुनील भारती ने अपनी बात रखते हुए मोबाइल रिचार्ज की तुलना पेप्सी की बोतल और चिप्स के पैकेट से भी कर डाली.
भारती एंटरप्राइजेज के 50 साल पूरे होने पर सुनील भारती ने इंटरव्यू में कहा कि लोग चिप्स, साबुन और कोल्ड ड्रिंक जैसी चीजों पर आसानी से पैसे खर्च कर देते हैं. पेप्सी की एक बोतल खरीदने में भी काफी पैसे खर्च कर देते हैं, वहीं मोबाइव सर्विस के लिए अभी भी लोग कम पैसे खर्च करना चाहते हैं.
भारती का कहना है कि आज मोबाइल सिर्फ किसी से बात करने या इंटरनेट का इस्तेमाल करने तक सीमित नहीं रह गया है. बैंकिंग, UPI पेमेंट, ऑनलाइन पढ़ाई और सरकारी योजनाओं का पैसा पाने जैसे बहुत सारे काम इंटरनेट की सहायता से ही हो रहे हैं. Instagram और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म भी मोबाइल फोन पर इंटरनेट की सहायता से यूज किए जा रहे हैं. इतने इस्तेमाल के बाद हर दिन 10 से 12 रुपये खर्च करके इन सुविधाओं का लाभ लेना उन्हें गलत नहीं लगता.
300 रुपये से बढ़कर 350 रुपये की हुई मांग
यह पहली बार नहीं है जब भारती ने मोबाइल सर्विस के लिए हर महीने 300 रुये खर्च की बात कहे हों. लेकिन, अब उनका कहना है कि यह आंकड़ा लगभग 10 साल पुराना है. इस दौरान महंगाई बढ़ी है और टेलीकॉम कंपनियों के लिए नेटवर्क चलाना भी महंगा हो गया है. बिजली, ईंधन, कर्मचारियों की सैलरी और दूसरे खर्च बढ़ने के कारण अब औसत मंथली खर्च 350 रुपये होना चाहिए.
भारत में अभी कम हैं मोबाइल टावर
मित्तल ने भारत और चीन के मोबाइल नेटवर्क की तुलना भी की. उन्होंने बताया कि चीन में 10 लाख से ज्यादा मोबाइल टावर हैं, वहीं भारत में इनकी संख्या लगभग 3.5 लाख है. उनके अनुसार, देश में टावरों की संख्या कम से कम दोगुनी करने की जरूरत है. इसके साथ ही फाइबर नेटवर्क और समुद्र के नीचे बिछाई जाने वाली इंटरनेट केबल पर भी निवेश करना होगा. 5G नेटवर्क को लेकर भी उन्होंने कंपनियों के खर्च का जिक्र किया. मित्तल के अनुसार, स्पेक्ट्रम खरीदने में कंपनियों ने लाखों करोड़ रुपये लगाए हैं, वहीं नेटवर्क तैयार करने में लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है. इसके बाद भी कंपनियों को उम्मीद के अनुसार कमाई नहीं हो पा रही है.
अभी कब महंगे होंगे रिचार्ज प्लान?
फिलहाल मित्तल ने रिचार्ज महंगे होने की कोई तारीख नहीं बताई है. उन्होंने इस सवाल पर कहा कि उन्हें नहीं पता कि इंडस्ट्री 350 रुपये के औसत मंथली रेवेन्यू तक कब पहुंचेगी. इससे पहले जून 2024 में टेलीकॉम कंपनियों ने अपने प्लान 10 से 25 फीसदी तक महंगे किए थे.
एयरटेल का सितंबर तिमाही में ARPU 271 रुपये रहा, वहीं पिछले साल इसी पीरियड में यह 256 रुपये था. 350 रुपये के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए इसमें लगभग 29 फीसदी की बढ़ोतरी करनी होगी. मित्तल का यह भी कहना है कि देश में तीन मजबूत निजी टेलीकॉम कंपनियों का बने रहना जरूरी है. उन्होंने Vodafone Idea और BSNL की आर्थिक स्थिति को चुनौतीपूर्ण बताया.
ये भी पढ़ेंः क्या आप भी बदलने वाले हैं अपना स्मार्टफोन? बिना सर्विस सेंटर के चक्कर लगाए ऐसे करें ई-सिम ट्रांसफर!
ये भी पढ़ेंः Samsung Galaxy S25 5G पर 48% की छूट, ₹29,211 में खरीदने का मौका; यहां मिल रहा है स्पेशल ऑफर




