Unboxing के बाद तुरंत फोन-लैपटॉप चालू करना कितना सही? ज्यादातर लोग नहीं जानते ये जरूरी बात

ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए घर बैठे नया स्मार्टफोन या लैपटॉप मंगाना काफी आसान हो गया है. लेकिन कई बार सामान मिलने के बाद ऐसी परेशानी सामने आती है, जो आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है. खासकर जब नया गैजेट घर पहुंचता है तो लोग उत्साह में तुरंत उसका बॉक्स खोलकर इस्तेमाल शुरू कर देते हैं. लेकिन ऐसा करने से पहले कुछ जरूरी सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है.
दरअसल, आजकल ई-कॉमर्स कंपनियों ने रिटर्न और रिप्लेसमेंट के नियम पहले से ज्यादा सख्त कर दिए हैं. अगर आपको टूटा हुआ फोन, नकली प्रोडक्ट या खराब डिवाइस मिलता है, तो शिकायत के साथ सबूत देना भी जरूरी होता है. ऐसे मामलों में अनबॉक्सिंग वीडियो आपकी काफी मदद कर सकता है. हालांकि, वीडियो बनाते समय तीन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
पैकेट, शिपिंग लेबल और कंपनी की सील जरूर दिखाएं
अनबॉक्सिंग वीडियो शुरू करते ही सीधे डिब्बा खोलने न लगें. सबसे पहले कूरियर पैकेट को चारों तरफ से कैमरे में रिकॉर्ड करें. उसके सभी छह कोने दिखाएं, ताकि यह साफ हो सके कि डिलीवरी के दौरान पैकेट के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई थी.
इसके बाद पैकेट पर लगे शिपिंग लेबल को कैमरे के सामने रखें. इसमें आपका नाम, ऑर्डर आईडी और ट्रैकिंग नंबर साफ दिखाई देना चाहिए. जब अंदर से फोन या लैपटॉप का बॉक्स निकले तो उसकी ब्रांड सील और पीछे लिखे IMEI या सीरियल नंबर को भी रिकॉर्ड करें. अगर सील पहले से खुली या टूटी हुई है, तो उसे वीडियो में जरूर दिखाएं.
डिवाइस ऑन करने से पहले अच्छी तरह जांचें
फोन या लैपटॉप का बॉक्स खोलने के बाद जल्दबाजी में पावर बटन न दबाएं. पहले उसकी स्क्रीन, बॉडी, कैमरा लेंस और चार्जिंग पोर्ट को ध्यान से देखें. डिलीवरी के दौरान दबाव पड़ने से स्क्रीन टूट सकती है या बॉडी पर निशान आ सकते हैं.
इसके बाद बॉक्स में मौजूद चार्जर, केबल और दूसरी एक्सेसरीज को भी कैमरे के सामने निकालकर दिखाएं. कई बार सामान गायब होता है या ओरिजिनल एक्सेसरीज की जगह दूसरी चीज रख दी जाती है. वीडियो में इन सभी चीजों का रिकॉर्ड होने से शिकायत के समय आपके पास सबूत रहेगा.
वीडियो बीच में बंद न करें
अनबॉक्सिंग वीडियो बनाते समय सबसे जरूरी बात यह है कि रिकॉर्डिंग लगातार चलती रहे. बीच में वीडियो रोकना, एडिट करना या डिवाइस को कैमरे से बाहर ले जाना आपकी शिकायत को कमजोर कर सकता है. इसलिए फोन को स्टैंड पर लगाएं या किसी की मदद लें.
डिवाइस की जांच पूरी होने के बाद कैमरे के सामने ही उसे ऑन करें. अगर फोन चालू नहीं होता या स्क्रीन पर हरी-पीली लाइनें दिखाई देती हैं, तो उन्हें भी रिकॉर्ड करें। स्क्रीन के पूरी तरह चालू होकर होम या सेटअप पेज तक पहुंचने के बाद ही वीडियो बंद करें. इस तरह बनाया गया बिना कट वाला वीडियो रिटर्न या रिप्लेसमेंट की शिकायत में मजबूत सबूत बन सकता है.
यह भी पढ़ें- मौका हाथ से न जाने दें! घर लाएं बड़ा स्मार्ट टीवी, Amazon पर 11 हजार से भी कम में मिल रहा 40 इंच वाला TV
ChatGPT और Gemini को मिल सकती है देसी AI से टक्कर! सरकार की नई तैयारी से बदल सकता है पूरा खेल




