शिक्षा

यूपी असिस्टेंट टीचर भर्ती में एक पद के लिए 160 दावेदार, 4.17 लाख अभ्यर्थियों ने किया आवेदन

उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता (PGT) बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भर्ती से जुड़ा जरूरी अपडेट है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से 2607 पदों पर निकाली गई भर्ती के लिए करीब 4.17 लाख आवेदन मिले हैं. हैरानी की बात यह है कि पिछली भर्ती के मुकाबले इस बार पदों की संख्या चार गुना से ज्यादा होने के बावजूद आवेदन कम आए हैं. इसके पीछे भर्ती में पहली बार बीएड की अनिवार्यता को एक बड़ी वजह माना जा रहा है. वहीं, असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए भी आयोग ने जरूरी सूचना जारी की है.

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता के 2607 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे. आवेदन की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर थी. इस भर्ती के लिए करीब 4.17 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. इस हिसाब से एक पद के लिए औसतन 160 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा. भर्ती परीक्षा 15 और 16 दिसंबर को प्रस्तावित है.

पिछली भर्ती से भी कम मिले आवेदन

आंकड़ों के मुताबिक, पिछली भर्ती की तुलना में इस बार पदों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन आवेदन कम आए हैं. वर्ष 2022 में प्रवक्ता के 624 पदों पर भर्ती निकाली गई थी. उस समय 4,64,605 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. यानी एक पद के लिए औसतन 744 उम्मीदवारों ने दावेदारी की थी. इनमें से 1,92,934 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल हुए थे. इस बार 2607 पद होने के बावजूद आवेदन की संख्या करीब 4.17 लाख ही रही है. ऐसे में एक पद पर प्रतिस्पर्धा पिछली भर्ती के मुकाबले कम रहने की संभावना है.

बीएड की अनिवार्यता से घटे आवेदन

आवेदनों में कमी की एक प्रमुख वजह बीएड की अनिवार्यता मानी जा रही है. माध्यमिक शिक्षा विभाग ने पहली बार पीजीटी भर्ती के लिए बीएड को जरूरी किया है. इससे पहले 2022 तक की भर्ती में संबंधित विषय से पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते थे. नए नियम के बाद कई उम्मीदवारों ने इसका विरोध भी किया था.

Related Articles

Back to top button