WhatsApp चलाते हैं तो जरूर जान लें ये 5 सेटिंग्स, बैंक अकाउंट के साथ डेटा भी रहेगा सेफ!

WhatsApp पर इन दिनों डिजिटल फ्रॉड का खतरा बढ़ गया है. सरकारी एजेंसी भी लोगों को WhatsApp पर हैकर्स से बचने के लिए जरूरी सलाह जारी कर चुकी हैं. ऐसे में बहुत से लोग हैं, जो WhatsApp के जरिए ही पैसों का भी लेनदेन भी करते हैं. यही वजह है कि साइबर हैकर्स भी इस प्लेटफॉर्म को टारगेट कर रहे हैं. कभी बैंक अधिकारी बनकर तो कभी रिश्तेदार या दोस्त के नाम पर लोगों के साथ साइबर ठगी करने की कोशिश करते हैं. ऐसे में कुछ यूजर्स जल्दबाजी में अपनी जानकारी या OTP शेयर कर देते हैं और फिर कुछ ही मिनटों में उनके जीवनभर की कमाई गायब हो जाती है.
ऐसे मामलों से बचने के लिए WhatsApp में कई सेफ्टी और प्राइवेसी फीचर्स मिलते हैं. इन फीचर्स की सहायता से अनजान लोगों की पहचान करने, संदिग्ध कॉल को शांत रखने और अपने अकाउंट को सेफ रखने में मदद मिल सकती है. तो आइए जानते हैं इन फीचर्स के बारे में पूरी बात.
अनजान नंबर से मैसेज आने पर मिलती है चेतावनी
अगर आपको किसी ऐसे नंबर से मैसेज आता है, जो आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में नहीं है, तो सबसे पहले WhatsApp सेफ्टी से जुड़ी जानकारी दिखाता है. इस जानकारी की सहायता से आप मैसेज भेजने वाले के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं. इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर उस नंबर को ब्लॉक या रिपोर्ट भी कर सकते हैं. खासकर जब कोई अनजान व्यक्ति आपसे पैसों की मांग करे या पर्सनल डिटेल्स मांगे, तो बिना जांच किए जवाब देने से बचना चाहिए.
संदिग्ध नंबर को करें ब्लॉक और रिपोर्ट
वहीं अगर आपको WhatsApp पर किसी अनजान नंबर से बार-बार मैसेज आ रहा है या आपको परेशान करके ठगी करने की कोशिश कर रहा है, तो उसे ब्लॉक किया जा सकता है. इसके बाद वह आपको WhatsApp पर मैसेज या फिर कॉल नहीं कर सकेगा. इसके साथ ही WhatsApp में ही रिपोर्ट का ऑप्शन भी मिलता है. इसकी सहायता से आप संदिग्ध अकाउंट की शिकायत सीधे WhatsApp तक कर सकते हैं. इससे प्लेटफॉर्म को स्पैम और फ्रॉड करने वाले अकाउंट की पहचान करने में भी मदद मिलती है.
अनजान कॉल को अपने आप कर देगा साइलेंट
अनजान नंबरों से आने वाली कॉल भी कई बार समस्या का कारण बन जाती हैं. WhatsApp का Silence Unknown Callers फीचर ऐसी कॉल को खुद ही साइलेंट कर देता है. यानी फोन की घंटी ही नहीं बजती है, लेकिन कॉल की जानकारी आपको कॉल लॉग में मिल जाती है. इससे बिना वजह आने वाली कॉल से बचना आसान हो जाता है.
अपनी पर्सनल जानकारी पर रखें कंट्रोल
WhatsApp यूजर्स को यह तय करने का फीचर देता है कि उनकी प्रोफाइल फोटो, लास्ट सीन, ऑनलाइन स्टेटस, About और स्टेटस को कौन कौन देख सकता है. इन सेटिंग्स को सिर्फ अपने कॉन्टैक्ट तक सीमित रखना सही होता है. इससे अनजान लोगों को आपकी पर्सनल जानकारी तक पहुंचने का बहुत कम मौका मिलता है.
टू-स्टेप वेरिफिकेशन से सेफ रखें अकाउंट
WhatsApp में टू-स्टेप वेरिफिकेशन नाम का एक फीचर मिलता है. इस फीचर को ऑन करन के बाद यूजर को छह अंकों का PIN बनाना होता है. जब भी नए डिवाइस पर आपके नंबर से WhatsApp अकाउंट रजिस्टर किया जाएगा, तब इस PIN की जरूरत पड़ेगी. इससे आपके अकाउंट को कोई भी दूसरा व्यक्ति अपने फोन में नहीं चला पाएगा.
इन बातों का भी रखें ध्यान
WhatsApp पर किसी भी अनजान व्यक्ति को OTP, पासवर्ड या वेरिफिकेशन कोड नहीं बताना चाहिए. अगर कोई दोस्त या रिश्तेदार नया नंबर बताकर अचानक पैसों की मांग करे, तो पहले पुराने नंबर पर कॉल करके चेक कर लें. अनजान लिंक और फाइल डाउनलोड करने से भी बचना चाहिए. साथ ही याद रखें कि कोई व्यक्ति जितनी जल्दी पैसे भेजने या जानकारी देने का प्रेशर बनाए, उतनी ही सावधानी बरतने की जरूरत है. WhatsApp के इन सेफ्टी फीचर्स की सहायता से आप खतरों को कम कर सकते हैं, लेकिन ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सतर्क रहना भी जरूरी है.
यह भी पढे़ंः iPhone 18 Pro Max या Vivo-Oppo के नए फ्लैगशिप, 2 लाख रुपये खर्च करने से पहले जान लें कौन है बेहतर?
यह भी पढे़ंः लैपटॉप हो गया है स्लो? Windows रीइंस्टॉल करने से पहले जरूर अपनाएं ये आसान तरीके, बढ़ जाएगी स्पीड




