मनोरंजन

रोहित शेट्टी के नाम पर चल रहे फर्जी अकाउंट, वायरल पोस्ट के बाद फैंस को किया सावधान

फिल्ममेकर रोहित शेट्टी ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से वायरल हो रही एक पोस्ट को लेकर सफाई दी है. दरअसल, सोशल मीडिया पर उनके नाम से एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही थी. इसके बाद रोहित शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर साफ किया कि उनका फेसबुक या एक्स (ट्विटर) पर कोई अकाउंट नहीं है. साथ ही उन्होंने फैंस को उनके नाम से चल रहे फर्जी अकाउंट से सावधान रहने की सलाह दी है.

यह सफाई ऐसे समय में आई है, जब फेसबुक पर एक पोस्ट वायरल हो रही थी. इस पोस्ट में कॉमेडियन गौरव गुप्ता के बिग बॉस 20 के कंटेस्टेंट्स स्काउट ओपी और लव गिल के रोस्ट को लेकर बात की गई थी. कई लोगों को लगा कि यह पोस्ट रोहित शेट्टी ने लिखी है. हालांकि, अब रोहित ने खुद सामने आकर साफ कर दिया है कि वह फेसबुक और एक्स पर मौजूद नहीं हैं. इंस्टाग्राम ही उनका एकमात्र आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है.

फर्जी अकाउंट को लेकर रोहित शेट्टी ने क्या कहा?

इस मामले में फैली गलतफहमी को दूर करते हुए रोहित शेट्टी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट शेयर किया. इसमें उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम के अलावा किसी दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनका कोई आधिकारिक अकाउंट नहीं है. उन्होंने लिखा, “मैं यह साफ करना चाहता हूं कि सोशल मीडिया पर मेरी मौजूदगी सिर्फ इंस्टाग्राम पर है. मैं फेसबुक या एक्स पर नहीं हूं. इन प्लेटफॉर्म्स पर मेरे नाम से चलने वाला कोई भी अकाउंट या प्रोफाइल फर्जी और बिना अनुमति के बनाया गया है.”

उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे अकाउंट्स के साथ किसी तरह का जुड़ाव न रखें और न ही उनके जरिए शेयर की जा रही बातों को रोहित शेट्टी की राय समझें. आखिर में रोहित ने फैंस को उनकी बात समझने और लगातार सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद भी कहा.

Rohit Story

क्या है गौरव गुप्ता के रोस्ट वाला विवाद?

हाल ही में कॉमेडियन गौरव गुप्ता ने सलमान खान के शो बिग बॉस 20 के दिवाली स्पेशल एपिसोड में शिरकत की थी. इस दौरान उन्होंने शो के कुछ कंटेस्टेंट्स पर मजाकिया अंदाज में तंज कसे. इनमें स्काउट ओपी (तन्मय सिंह) और लव गिल भी शामिल थे. हालांकि, गौरव के कुछ जोक्स कंटेस्टेंट्स को पसंद नहीं आए. खासकर उनकी निजी जिंदगी और रिश्तों को लेकर किए गए मजाक पर स्काउट और लव ने आपत्ति जताई थी.

विवाद में क्यों आया रोहित शेट्टी का नाम?

एपिसोड के बाद फेसबुक पर रोहित शेट्टी के नाम से एक पोस्ट वायरल होने लगी. इस पोस्ट में कहा गया था कि लोगों को हंसाने के लिए किसी का अपमान करना या उसे नीचा दिखाना सही नहीं है. इस पोस्ट को गौरव गुप्ता के रोस्ट पर रोहित शेट्टी की अप्रत्यक्ष प्रतिक्रिया माना जाने लगा. हालांकि, रोहित की ताजा सफाई से साफ हो गया है कि फेसबुक और एक्स पर उनके नाम से शेयर की गई यह पोस्ट उनकी नहीं थी.

ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: हिंसा पर बिग बॉस का बड़ा चाबुक! स्काउट OP को मिलीं 4 कड़ी सजाएं, पूरे सीजन के लिए हुए नॉमिनेट

Related Articles

Back to top button