दिवाली पर अमिताभ बच्चन ने फैंस से मांगी माफी, हाथ में तकलीफ के चलते नहीं दे पा रहे जवाब

Amitabh Bachchan: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन हर मौके पर फैंस से इंट्रेक्शन जरूर करते हैं. लेकिन इस बार दिवाली के खास मौके पर वो अपने फैंस को जल्दी रिप्लाई नहीं कर पा रहे हैं. बिग बी इसकी वजह भी बताई है. दरअसल, अमिताभ बच्चन ने दिवाली के खास मौके पर सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को शुभकामनाएं तो दी हैं. लेकिन एक खास बात भी शेयर की है. अमिताभ ने बताया कि उन्हें फैंस की तरफ से लगातार बधाई संदेश और तोहफे मिल रहे हैं, लेकिन वह सभी को समय पर जवाब नहीं दे पा रहे हैं.
इसकी वजह उनके हाथ में हो रही परेशानी है. एक्टर ने इस देरी के लिए अपने फैंस से माफी भी मांगी है. अमिताभ बच्चन ने रविवार को अपने पर्सनल ब्लॉग पर एक पोस्ट शेयर की. इसमें उन्होंने लिखा, “आप सभी को दिवाली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं! चतुर्दशी के इस दिन आप सभी को मेरा प्यार, स्नेह और शुभकामनाएं. ईश्वर की कृपा हमेशा हम सभी पर बनी रहे और हमारा जीवन खुशियों और समृद्धि से भरा रहे.”
बिग बी को मिल रहे फैंस की तरफ से तोहफे
अमिताभ ने आगे बताया कि उन्हें अपने चाहने वालों से इतनी बड़ी संख्या में तोहफे मिल रहे हैं कि अब उन्हें रखने के लिए जगह कम पड़ने लगी है. उन्होंने लिखा, “मुझे अपने कई शुभचिंतकों से बधाई संदेश और तोहफे मिल रहे हैं. इनकी संख्या इतनी ज्यादा है कि अब इन्हें रखने के लिए मेरे पास जगह कम पड़ रही है. इन तोहफों को सही तरीके से नहीं रखना उनका अपमान करने जैसा होगा. इसलिए आप सभी ने जो प्यार और अपनापन दिखाते हुए मुझे तोहफे भेजे हैं, उसके लिए मैं आपका आभार व्यक्त करना चाहता हूं.” एक्टर ने यह भी बताया कि वह हर किसी को अपने हाथों से चिट्ठी लिखकर जवाब देने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, इसमें उन्हें थोड़ी परेशानी हो रही है.
हाथ में परेशानी के चलते जवाब देने में हो रही देरी
अमिताभ बच्चन ने अपने फैंस से माफी मांगते हुए बताया कि वह खुद सभी के संदेशों का जवाब लिखना चाहते थे, लेकिन लिखने वाले हाथ में परेशानी होने की वजह से इसमें देरी हो रही है. उन्होंने कहा, “मैं चाहता था कि इन सभी संदेशों के जवाब खुद अपने हाथ से लिखूं. लेकिन जिस हाथ से मैं लिखता हूं, उसमें कुछ परेशानी हो रही है. इसी वजह से जवाब देने में देरी हुई है. इसके लिए मैं दिल से माफी मांगता हूं.” अमिताभ की इस पोस्ट के बाद उनके फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं और उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं.




