सिविल डिफेन्स के स्वयंसेवकों को वितरित की गई नागरिक सुरक्षा की यूनिफार्म
यूनिफार्म अनुशासन, सेवा और जिम्मेदारी का प्रतीक है : जिलाधिकारी

बाराबंकी: जनपद के कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में सिविल डिफेन्स के स्वयंसेवकों को नागरिक सुरक्षा की यूनिफार्म वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने स्वयंसेवकों को यूनिफार्म प्रदान करते हुए कहा कि यह केवल एक पहनावा नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यूनिफार्म धारण करने वाला व्यक्ति स्वयं अनुशासित रहता है और अपने आचरण, व्यवहार तथा सेवा भावना से समाज में सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपील की कि वे यूनिफार्म को सदैव स्वच्छ, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से पहनें तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।
उन्होंने महादेवा मेला, देवा मेला, आपदा प्रबंधन की मॉकड्रिल सहित विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों में सिविल डिफेन्स स्वयंसेवकों द्वारा निभाई गई सक्रिय और सराहनीय भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा संगठन समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है।
अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने भी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें यूनिफार्म वितरित की। सिविल डिफेन्स की उप नियंत्रक अनीता प्रताप ने संगठन की गतिविधियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
सिविल डिफेन्स के चीफ वार्डन नवीन सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप यह संगठन नागरिकों की सुरक्षा के लिए नागरिकों द्वारा संचालित एक सशक्त व्यवस्था है। उन्होंने स्वयंसेवकों से जनसेवा के कार्यों में पूरी निष्ठा, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ सक्रिय रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्टाफ ऑफिसर रत्नेश कुमार, शैलेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र कुमार वर्मा, घटना नियंत्रण अधिकारी शिवानी वर्मा, कार्यालय स्टाफ नीरज कुमार, कन्हैया लाल, सुधीर सहित बड़ी संख्या में सिविल डिफेन्स के स्वयंसेवक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



