अब Gmail पर ईमेल लिखना और Docs पर काम करना होगा आसान! Google ने लॉन्च किए नए Live फीचर्स

Google ने अपने Workspace यूजर्स के लिए कई नए अपडेट पेश किए हैं. इनमें Gmail, Google Docs, Drive, Meet, Sheets और Vids जैसे ऐप्स शामिल हैं. नए अपडेट के बाद Docs और Drive में Markdown फाइलों को सीधे खोलने और एडिट करने की सुविधा मिलेगी. वहीं Gmail और Docs में बोलकर जानकारी खोजने और ड्राफ्ट तैयार करने के लिए नए वॉयस फीचर्स जोड़े गए हैं. इसके अलावा Google Meet में 63 भाषाओं में लाइव ट्रांसलेशन की सुविधा भी मिलेगी. कंपनी के मुताबिक, ये बदलाव धीरे-धीरे Workspace यूजर्स तक पहुंचाए जा रहे हैं.
Docs और Drive में सीधे एडिट कर सकेंगे Markdown फाइलें
Google Docs और Drive अब Markdown (.md) फाइलों को सीधे खोलने और उनमें बदलाव करने की सुविधा देते हैं. यानी यूजर्स को इन फाइलों को पहले किसी दूसरे फॉर्मेट में बदलने की जरूरत नहीं होगी. Docs में ऐसी फाइलों पर कमेंट करने और Version History के जरिए पुराने बदलाव देखने का ऑप्शन भी मिलेगा.Drive में Markdown फाइल खोलने पर टेबल और लिंक जैसी चीजें भी अपने सही फॉर्मेट में दिखाई देंगी. यह सुविधा उन लोगों के लिए काम की हो सकती है, जो टेक्निकल डॉक्यूमेंट और AI prompts पर काम करते हैं.
Gmail और Docs में बोलकर करें काम
Google ने Gmail Live और Docs Live नाम के वॉयस फीचर्स भी जोड़े हैं. Gmail Live की मदद से यूजर्स अपने ईमेल में बोलकर जानकारी खोज सकेंगे. उदाहरण के लिए, किसी मीटिंग की तारीख या पुराने ईमेल में मौजूद प्रोजेक्ट अपडेट के बारे में पूछ सकते हैं. वहीं Docs Live में यूजर्स बोलकर अपने विचार बता सकेंगे और उन्हें प्रोजेक्ट ब्रीफ या एग्जीक्यूटिव समरी जैसे ड्राफ्ट में बदल सकेंगे. यह फीचर ईमेल, चैट और Drive की फाइलों से जरूरी जानकारी भी जुटा सकता है.
Google Meet में 63 भाषाओं में लाइव ट्रांसलेशन
Google Meet में अब 63 भाषाओं के लिए रियल-टाइम स्पीच ट्रांसलेशन दिया जा रहा है. मीटिंग के दौरान यह लोगों की बातों का अनुवाद करके हर सदस्य की पसंदीदा भाषा में कैप्शन दिखा सकता है. हर यूजर इसे अपनी जरूरत के हिसाब से चालू कर सकेगा.
Quick Notes फीचर में भी बदलाव हुआ है. अब यह मीटिंग के मुख्य फैसलों और आगे किए जाने वाले कामों का एक पेज का सार देगा. इसके साथ पूरी मीटिंग के नोट्स और ट्रांसक्रिप्ट भी मिलेंगे.
Microsoft 365 से Workspace पर आना होगा आसान
Google का कहना है कि नए माइग्रेशन टूल्स से Microsoft 365 से Workspace पर डेटा ट्रांसफर करने की प्रक्रिया पांच गुना तक तेज हो सकती है. इसमें Teams के मैसेज और अटैचमेंट को Google Chat, OneDrive की फाइलों को Drive और SharePoint Online की लाइब्रेरी को Shared Drives में लाया जा सकेगा. इसके लिए कोई अतिरिक्त चार्ज भी नहीं लगेगा.
Sheets और Vids में भी नए AI फीचर्स
Google Sheets में Fill with Gemini और AI Function अब वेब सोर्स का हवाला दे सकते हैं. साथ ही एक बार में 3,000 सेल तक पर काम करने की सुविधा मिलेगी.
दूसरी तरफ Google Vids में Gemini Omni 1.1 Flash के जरिए AI वीडियो बनाने का ऑप्शन दिया जा रहा है. यूजर्स लंबे वीडियो क्लिप तैयार कर सकेंगे, उनकी अवधि चुन पाएंगे और वीडियो को 1080p तक बेहतर क्वालिटी में बदल सकेंगे.
यह भी पढ़ें- अब Google पर AI से जवाब पूछना होगा थोड़ा अलग! Search Bar से AI Mode बटन हटाने का टेस्ट कर रही कंपनी
मुनाफे के बावजूद कर्मचारियों की छुट्टी क्यों कर रही हैं टेक कंपनियां, क्या AI बन रहा है सबसे बड़ा खतरा?


