सनी देओल की ‘सूर्या’ पर रोक की मांग, दिल्ली हाई कोर्ट ने PIL पर सुनवाई से किया इनकार

Sunny Deol Suryaa: बॉलीवुड एक्टर सनी देओल इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म को लेकर चर्चा में चल रहे हैं, जिसका नाम है ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’. 19 अक्टूबर को इस फिल्म का एक टीजर वीडियो आया था, जिसके बाद विवाद हो गया. फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई. बुधवार (4 नवंबर) को दिल्ली हाई कोर्ट में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने वाली ही एक जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई होनी थी, लेकिन कोर्ट ने सुनवाई से इनकार कर दिया, क्योंकि एक इसी तरह की याचिका पर पहले से ही कोर्ट में सुनवाई चल रही है.
लाइव लाइव के अनुसार डॉ. नचिकेता भाटिया और डॉ. ध्रुव चौहान ने PIL दाखिल की थी. उन्होंने ये कहते हुए ‘सूर्या‘ की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की कि इसके टीजर में मेडिकल स्टाफ के खिलाफ वायलेंस को हीरोइक दिखाया गया है. हालांकि, कोर्ट ने इस याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया. चीफ जस्टिस नितीन वासुदेव सांबरे और जस्टिस संजय शर्मा की डिवीजन बेंच ने कहा, “हमें इस PIL पर सुनवाई करने का कोई कारण नहीं दिखता.”
एक से ज्यादा कार्रवाई का कारण नहीं- कोर्ट
कोर्ट ने इस मामले पर ये भी कहा कि एक सिंगल जज पहले से ही ऐसी ही एक याचिका पर सुनवाई कर रहा है, जिस पर 16 नवंबर को सुनवाई होनी है और एक से ज्यादा कार्रवाई करने का कोई कारण नहीं है.
बता दें कि चार डॉक्टरों की तरफ से भी फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग को लेकर एक याचिका दायर की गई थी, जिसपर पहले ही दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई चल रही है. डॉक्टरों का कहना है कि जिस तरह की सामग्री टीजर में है, उससे लोगों के बीच डॉक्टर को लेकर नफरत पैदा हो सकती है. कोर्ट ने केंद्र सरकार, CBFC और फिल्ममेकर्स को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. इस याचिका पर अगली सुनवाई 16 नवंबर को होने वाली है.
ये भी पढ़ें-
रणबीर की रामायण से बेटी राहा का बॉलीवुड में डेब्यू, राम-सीता और लक्ष्मण संग की शूटिंग
हनुमान अंश सिंगर सुनील लोधी की जिंदगी में लौटेगा उजाला! आंखों का इलाज शुरू, हुए इमोशनल, नया पोस्ट वायरल
कब रिलीज होगी सूर्या?
चूंकि पहले से फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग को लेकर एक याचिका पर सुनवाई चल रही है, तो कोर्ट ने इसी तरह की एक और याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया. कोर्ट ने ये भी कहा कि याचिकाकर्ता सिंगल जज के सामने चल रही कार्रवाई में शामिल हो सकते हैं, जहां 16 नवंबर को सुनवाई होने वाली है. वो वहां अपनी बात भी रख सकते हैं. बता कें कि ‘सूर्या’ 20 नवंबर को रिलीज होने के लिए तय है.




