जापानी बंदे की मगही सुन लोग हैरान, बोले- गजब गर्दा उड़ा दिए चचा!

बिहार के बेगूसराय के रहने वाले और टोक्यो में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे उत्सव सिंह के इंस्टाग्राम अकाउंट @japan_wala_bihari पर शेयर किया गया एक वीडियो इन दिनों इंटरनेट पर धूम मचा रहा है. इस वायरल वीडियो में एक जापानी शख्स शुद्ध बिहारी लहजे में मगही बोलता हुआ नजर आ रहा है, जिसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स हैरान और गदगद हैं.
जापानी शख्स ने ऐसे चौंकाया
वायरल वीडियो की शुरुआत में टोक्यो में रहने वाले उत्सव एक जापानी नागरिक को देखकर हिंदी में पूछते हैं कि क्या उन्हें हिंदी आती है? इस पर जापानी शख्स मुस्कुराते हुए जवाब देता है, ‘अरे भाई हिंदी को छोड़ो, हमका तो मगही भी आवत है.’जापानी नागरिक के मुंह से ठेठ मगही सुनकर भारतीय युवक की हंसी छूट जाती है. वह तुरंत कहता है, ‘मगही भी आवत है, तो भैया बोलकर सुनावा और का…’
‘पैसवा देई के पड़ी’ वाला मजेदार संवाद
वीडियो में आगे दोनों के बीच की बातचीत और भी मजेदार हो जाती है. जब भारतीय युवक जापानी शख्स से कुछ और बोलने को कहता है, तो वह चुटकी लेते हुए बिहारी अंदाज में बोलता है, ‘कुछू देयो पहले.’ इस पर भारतीय हंसते हुए जवाब देता है, ‘पैसवा देई के पड़ी.’ जापानी शख्स भी तुरंत हामी भरता है और यहीं पर यह मजेदार वीडियो खत्म हो जाता है.
इंटरनेट पर क्यों मचा है तहलका?
उत्सव सिंह द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो के कैप्शन के मुताबिक, वीडियो में नजर आने वाले जापानी शख्स का नाम मोरियामा शिगेरू है, जो न सिर्फ हिंदी बल्कि मगही और भोजपुरी जैसी भाषाएं भी बहुत अच्छे से बोल सकते हैं. इस वीडियो को अब तक एक लाख से ज्यादा व्यूज और तीन हजार से अधिक कमेंट्स मिल चुके हैं.
सोशल मीडिया पर लोग इस जापानी शख्स की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, ऐसेही खुश रहा चचा. दूसरे यूजर ने कमेंट किया, अरे गजब…गर्दा उड़ा देल्हू चचा. एक अन्य यूजर ने हैरानी जताते हुए लिखा, अरे सही में जापान ही है ना.
यहां देखिए वायरल वीडियो
View this post on Instagram




