सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत एआरटीओ व यातायात प्रभारी ने लगाई पाठशाला, छात्रों को दिलाई शपथ
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें: एआरटीओ अमिताभ राय
बाराबंकी:19 नवम्बर,2026
सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत परिवहन विभाग द्वारा बहराइच रोड स्थित बाबा गुरुकुल एकेडमी में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अमिताभ राय एवं यातायात प्रभारी रामयतन यादव ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया।
एआरटीओ अमिताभ राय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करना चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने अभिभावकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के लिए अवश्य प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि हमारी छोटी-सी सावधानी कई अनमोल जिंदगियों को बचा सकती है।
उन्होंने 18 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राओं को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199ए के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके माता-पिता या अभिभावक के विरुद्ध कार्रवाई हो सकती है तथा ₹25,000 तक का जुर्माना और अन्य कानूनी प्रावधान लागू हो सकते हैं।
यातायात प्रभारी रामयतन यादव ने विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने नाबालिगों से वाहन न चलाने का संकल्प लेने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” की शपथ दिलाई गई तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए। विद्यालय परिवार ने भी सड़क सुरक्षा अभियान में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।




