TV9 Recommendation: ‘गोंधल’ की चर्चा के बीच मराठी सिनेमा का असली जादू देखना है? OTT पर ये 5 मास्टरपीस मिस न करें

5 Best Marathi Movies On OTT: हफ्ते भर की भागदौड़ के बाद जब वीकेंड की दस्तक होती है, तो हर कोई अपने अंदाज में सुकून तलाशता है. कोई बाहर घूमने निकल जाता है, तो कोई घर पर रहकर ही अपनी थकान मिटाना चाहता है. फिल्म और वेब सीरीज के शौकीनों के लिए छुट्टी का दिन तभी पूरा होता है जब स्क्रीन पर कोई जबरदस्त कहानी चल रही हो. लेकिन दिक्कत तब आती है जब ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद हजारों विकल्पों के बीच हम यही तय नहीं कर पाते कि आखिर देखा क्या जाए. इसी कशमकश में कीमती वक्त बर्बाद हो जाता है. आपकी इसी मुश्किल को आसान बनाने के लिए TV9 हर हफ्ते मनोरंजन की दुनिया से 5 चुनिंदा नाम लेकर आता है, ताकि आप बिना भटके सीधे बेहतरीन सिनेमा का लुत्फ उठा सकें.
इस बार TV9 Recommendation की खास पेशकश में हम मराठी सिनेमा के 5 ऐसे नगीने लेकर आए हैं, जिन्हें देखना हर सिनेप्रेमी के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है. इसकी खास वजह ये है कि मराठी फिल्म ‘गोंधल’ के ऑस्कर की दौड़ में पहुंचने के बाद से ही रीजनल और खासकर मराठी कहानियों की सादगी व ताकत की दुनियाभर में गूंज सुनाई दे रही है. हालांकि, इस सूची में हम ‘गोंधल’ की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि उन 5 यादगार मराठी फिल्मों से आपको रूबरू करा रहे हैं जिन्होंने पहले ही राष्ट्रीय पुरस्कारों से लेकर ऑस्कर और ग्लोबल मंचों पर अपना लोहा मनवाया है और अब ओटीटी पर उपलब्ध हैं. खबर के आखिरी हिस्से में हम अपनी सबसे पसंदीदा यानी नंबर-1 फिल्म भी शेयर करेंगे, जिससे कम समय होने पर भी आप बिना किसी दुविधा के एक शानदार फिल्म चुन सकें.
1. श्वास (2004)
- डायरेक्टर- संदीप सावंत
- स्टारकास्ट- अरुण नलावडे, अश्विन चितळे, संदीप कुलकर्णी, अमृता सुभाष
- OTT- यूट्यूब
- IMDB रेटिंग- 8.3/10
मराठी सिनेमा के इतिहास में नया अध्याय लिखने वाली इस फिल्म ने 2004 में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (स्वर्ण कमल) जीता था और 77वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत की आधिकारिक एंट्री भी बनी थी. फिल्म की कहानी कोंकण के एक बुजुर्ग दादा (विचारे) और उनके छोटे पोते परशुराम के इर्द-गिर्द घूमती है. जब दादा को पता चलता है कि आंखों के कैंसर के ऑपरेशन के बाद उनका पोता हमेशा के लिए अपनी आंखों की रोशनी खो देगा, तो वे ऑपरेशन से पहले उसे मुंबई की चकाचौंध और दुनिया के खूबसूरत रंग दिखाने निकल पड़ते हैं. बिना किसी मेलोड्रामा के ये फिल्म आपकी आंखें नम कर देती है.
2. नटरंग (2010)
- डायरेक्टर- रवि जाधव
- स्टारकास्ट- अतुल कुलकर्णी, सोनाली कुलकर्णी, किशोर कदम, विभावरी देशपांडे
- OTT- जी5
- IMDB रेटिंग- 8.2/10
आनंद यादव के चर्चित उपन्यास पर आधारित और सर्वश्रेष्ठ मराठी फिल्म का नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी ‘नटरंग’ एक कलाकार के जुनून और उसके त्याग की रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी है. फिल्म में अतुल कुलकर्णी ने गुणा कागलकर का किरदार निभाया है, जो एक गरीब मजदूर होने के बावजूद लोक कला ‘तमाशा’ की अपनी मंडली शुरू करने का सपना देखता है. अपनी कला को जिंदा रखने के लिए गुणा को मंच पर ‘नाच्या’ का किरदार निभाना पड़ता है, जिसके चलते उसे अपने ही परिवार और समाज के तानों व तिरस्कार का सामना करना पड़ता है. अजय-अतुल के कालजयी संगीत (‘अप्सरा आली’, ‘वाजले की बारा’) और अतुल कुलकर्णी के ट्रांसफॉर्मेशन ने इसे क्लासिक बना दिया है.
3. सैराट (2016)
- डायरेक्टर- नागराज मंजुले
- स्टारकास्ट- रिंकू राजगुरू, आकाश ठोसर, तानाजी गलगुंडे, अरबाज शेख
- OTT- जी5
- IMDB रेटिंग- 8.2/10
भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित और 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली मराठी फिल्म ‘सैराट’ ने क्षेत्रीय सिनेमा की परिभाषा ही बदल दी थी. इस फिल्म के लिए अभिनेत्री रिंकू राजगुरू को 63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में स्पेशल मेंशन मिला था. ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि में सेट ये कहानी एक अमीर जमींदार की बेटी आर्ची और एक साधारण परिवार के लड़के परश्या की बेखौफ मोहब्बत को दिखाती है. फिल्म का पहला हिस्सा जहां आपको प्यार की मासूमियत और अजय-अतुल के संगीत पर झूमने को मजबूर करता है, वहीं दूसरा हिस्सा समाज की जातिगत दीवारों और ऑनर किलिंग की कड़वी सच्चाई से झकझोर कर रख देता है. ये फिल्म हिंदी डब वर्जन में भी उपलब्ध है.
4. कोर्ट (2014)
- डायरेक्टर- चैतन्य ताम्हाणे
- स्टारकास्ट- वीरा साथीदार, विवेक गोम्बर, गीतांजलि कुलकर्णी, प्रदीप जोशी
- OTT- नेटफ्लिक्स
- IMDB रेटिंग- 7.6/10
62वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का अवॉर्ड जीतने वाली और 88वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली ‘कोर्ट’ भारतीय न्याय व्यवस्था पर एक बेहद सटीक और यथार्थवादी सिनेमाई दस्तावेज है. फिल्म की कहानी एक बुजुर्ग लोक गायक नारायण कांबले के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन पर एक सीवर सफाई कर्मचारी को अपने गीतों के जरिए आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगता है. फिल्म बिना किसी शोर-शराबे या फिल्मी कोर्टरूम ड्रामे के, जज, सरकारी वकील और बचाव पक्ष के वकील की निजी जिंदगी और सिस्टम की धीमी प्रक्रिया को जिस बारीकी से दिखाती है, वो इसे वर्ल्ड-क्लास सिनेमा बनाती है.
5. आत्मपॅम्फ्लेट (2023)
- डायरेक्टर- आशिष अविनाश बेंडे
- स्टारकास्ट- ओम बेंडखले, प्रांजली श्रीकांत, भीमराव मुडे, केतकी सराफ
- OTT- जी5
- IMDB रेटिंग- 8.1/10
परेश मोकाशी द्वारा लिखित और प्रतिष्ठित बर्लिन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में तारीफ बटोर चुकी आत्मपॅम्फ्लेट हाल के वर्षों की सबसे ताजगी भरी और व्यंग्यात्मक मराठी फिल्मों में से एक है. 1990 के दशक के महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर बनी ये फिल्म एक स्कूली लड़के आशीष के पहले क्रश (सृष्टि) की मासूम कहानी के जरिए जाति, राजनीति और सामाजिक पहचान जैसे गंभीर मुद्दों पर बेहद हल्के-फुल्के और मजेदार अंदाज में तंज कसती है. फिल्म का ह्यूमर, बच्चों की मासूमियत और क्लाइमैक्स का संदेश आपको हंसाते-हंसाते सोचने पर मजबूर कर देता है.
TV9 Recommendation
इस लिस्ट की पांचों फिल्में मराठी सिनेमा की असली ताकत यानी दमदार कहानी और बेमिसाल अदाकारी की झलक दिखाती हैं. अगर छुट्टी के दिनों में आपके पास फुर्सत ही फुर्सत है, तो बिना सोचे इन पांचों फिल्मों की मैराथन लगा डालिए. लेकिन अगर व्यस्त शेड्यूल के बीच सिर्फ एक ही फिल्म देखने का वक्त निकल पा रहा है, तो आंख मूंदकर श्वास से शुरुआत कीजिए.
श्वास नंबर-1 च्वाइस क्यों?
हो सकता है कि अगर आपने ये पांचों फिल्में पहले से देख रखी हों, तो आपके दिल के करीब कोई और फिल्म हो. मगर इस हफ्ते हमारी वॉचलिस्ट में सबसे ऊपर श्वास ही है. इसके पीछे एक बेहद खास कनेक्शन है. आज जब हर तरफ गोंधल के ऑस्कर तक पहुंचने की चर्चा हो रही है, तो ये याद रखना जरूरी है कि बरसों बाद मराठी सिनेमा के लिए ऑस्कर का दरवाजा सबसे पहले श्वास ने ही खोला था. एक दादा और उनके नन्हे पोते के रिश्ते की ये कहानी बिना किसी भारी-भरकम डायलॉग या शोर-शराबे के सीधे दिल में उतर जाती है. भाषा चाहे जो भी हो, इसके जज्बात हर किसी की आंखें भिगो देते हैं. यही वजह है कि इसे इस लिस्ट की सबसे ज्यादा 8.3/10 की IMDb रेटिंग मिली है और पूरे परिवार के साथ बैठकर देखने के लिए इससे बेहतर फिल्म शायद ही कोई हो.




