MTB चैलेंज से देश-दुनिया में पहचान बनाएगा उत्तराखंड : CM धामी

हल्द्वानी/मुक्तेश्वर। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने और राज्य की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का रोमांच शुरू होने जा रहा है। प्रतियोगिता के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में भव्य गाला डिनर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्टों का स्वागत किया और उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज जैसे आयोजन राज्य के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रहे हैं। यह प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इससे ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल देश-विदेश के साइकिलिस्टों और पर्यटकों को उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों, जैव विविधता, कला और संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। ऐसे आयोजन प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा करते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने के साथ उत्तराखंड को देश के प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
लोकनृत्य और लोकगीतों से सजी सांस्कृतिक संध्या
गाला डिनर के दौरान उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति खुरपाताल तथा नई दिशाएं, नैनीताल के सांस्कृतिक दलों ने लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक धुनों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकप्रेम गाथा ‘राजुला-मालूशाही’ पर आधारित नृत्य प्रस्तुति रही। कलाकारों ने संगीत और नृत्य के माध्यम से राजुला-मालूशाही के प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
वहीं, ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर प्रस्तुत कुमाऊं के पारंपरिक छपेली लोकनृत्य ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा और लोकधुनों के बीच कलाकारों ने कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत और पहाड़ी जीवनशैली की सुंदर झलक पेश की।
कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा और गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी, अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



