मनोरंजन

‘किंग’ में शाहरुख खान और दिलजीत दोसांझ की जोड़ी मचाएगी धमाल, इस दिन आएगा गाना

King Title Track Release Date:शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्साह है. 2 नवंबर को एक्टर के जन्मदिन के मौके पर मेकर्स ने फिल्म का रोमांटिक गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज किया था. इस गाने को अरिजीत सिंह और एड शीरन ने अपनी आवाज दी है. अब फिल्म के म्यूजिक को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई है. खबर है कि फिल्म का टाइटल ट्रैक भी जल्द ही रिलीज होने वाला है. खास बात ये है कि इस गाने को मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ ने अपनी आवाज दी है.

जी हां, बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक, बताया जा रहा है कि यह गाना 15 से 17 नवंबर के बीच रिलीज किया जा सकता है. खास बात यह है कि इस गाने में रोमांस के बजाय जबरदस्त एक्शन और हाई-वोल्टेज विजुअल्स देखने को मिलेंगे.

दिलजीत की आवाज में आएगा ‘किंग’ का टाइटल ट्रैक

फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ‘किंग’ का टाइटल सॉन्ग पहले रिलीज हुए रोमांटिक गाने से बिल्कुल अलग अंदाज में तैयार किया गया है. इसे बड़े लेवल पर फिल्माया गया है और इसमें जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस देखने को मिलेंगे. गाने के जरिए फिल्म के एक्शन और स्टाइलिश अंदाज को दर्शकों के सामने लाने की तैयारी है. दिलजीत दोसांझ की आवाज इस गाने को और खास बना सकती है. शाहरुख और दिलजीत दोनों की ही दुनियाभर में जबरदस्त फैन फॉलोइंग है. ऐसे में दोनों का यह जुड़ाव फिल्म के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है.

रिपोर्ट के मुताबिक, दिलजीत अपने मौजूदा म्यूजिक टूर के दौरान इस गाने को साइन भी करेंगे. इससे गाने की रिलीज को एक खास इवेंट की तरह पेश किया जा सकता है. यानी फैंस को सिर्फ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गाना सुनने का मौका ही नहीं मिलेगा, बल्कि दिलजीत के लाइव टूर के साथ भी इसका खास कनेक्शन देखने को मिल सकता है.

24 दिसंबर को रिलीज होगी शाहरुख की ‘किंग’

शाहरुख खान की इस फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं. फिल्म को रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. ‘किंग’ में शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, जैकी श्रॉफ, राघव जुयाल और अभय वर्मा जैसे कलाकार नजर आएंगे. यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. ‘पठान’ के बाद सिद्धार्थ आनंद और शाहरुख खान एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं. ऐसे में दर्शकों को इस जोड़ी से एक बड़े एक्शन एंटरटेनर की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: भुवन बाम के शो ढिंढोरा 2 की रिलीज डेट आई सामने, इस दिन नेटफ्लिक्स पर होगा प्रीमियर

Related Articles

Back to top button