Yeh Prem Mol Liya: पंजाबी होने के नाते कभी नहीं मनाया था ये पर्व, पहली बार आयुष्मान खुराना ने की छठ पूजा, शेयर किया एक्सपीरियंस

Yeh Prem Mol Liya: बॉलीवुड के वर्सेटाइल अभिनेता आयुष्मान खुराना जल्द ही पारिवारिक फिल्मों के लिए मशहूर दिग्गज निर्देशक सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म में आयुष्मान के साथ एक्ट्रेस शरवरी वाघ भी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी. फिल्म के खास गीत ‘बुलाए छठी मां’ के जरिए आयुष्मान पहली बार महापर्व छठ पूजा की आस्था और परंपराओं का जश्न मनाते नजर आएंगे. चंडीगढ़ के एक पंजाबी परिवार से आने वाले आयुष्मान खुराना के लिए इस गाने की शूटिंग किसी इमोशनल सफर से कम नहीं रही, क्योंकि उन्होंने अपनी जिंदगी में इससे पहले कभी छठ पूजा नहीं मनाई थी.
छठ पूजा के इस खास सीक्वेंस को फिल्माने का अनुभव शेयर करते हुए आयुष्मान खुराना ने बताया कि किस तरह इस पर्व ने उनके दिल को छू लिया. आयुष्मान ने कहा, “पंजाबी होने के नाते मैंने इससे पहले कभी छठ पूजा नहीं मनाई थी. इसलिए पहली बार इस पर्व को महसूस करना मेरे लिए बेहद खास रहा. छठ से जुड़ी भावनाएं, इसका महत्व और जिस खूबसूरती से यह त्योहार लोगों को एक सूत्र में बांधता है, उसने मुझे अंदर तक प्रभावित किया.” एक्टर ने आगे कहा कि छठ की हर एक विधि के पीछे एक गहरा अर्थ और अटूट भक्ति छिपी हुई है. उनके मुताबिक, ये अनुभव महज एक फिल्मी गाने की शूटिंग तक सीमित नहीं था, बल्कि एक बिल्कुल नई और समृद्ध भारतीय परंपरा को करीब से जीने का सुनहरा मौका था.
जब बड़जात्या के एक कदम से सेट पर रो पड़ी पूरी टीम!
आयुष्मान खुराना ने क्लाइमैक्स सीक्वेंस की शूटिंग से जुड़ा एक बेहद भावुक किस्सा भी शेयर किया. उन्होंने बताया कि छठ पूजा के क्लाइमैक्स सीन को शूट करने से ठीक पहले निर्देशक सूरज बड़जात्या ने पूरी कास्ट को एक जगह इकट्ठा किया और सबके लिए छठ पूजा का पारंपरिक गीत चलाया. उस पल को याद करते हुए आयुष्मान ने कहा, “वह माहौल इतना भावुक कर देने वाला था कि सेट पर मौजूद हर एक इंसान की आंखों में आंसू आ गए. वो अनुभव हम सभी की यादों में हमेशा के लिए बस गया और इसी वजह से क्लाइमैक्स सीक्वेंस और भी ज्यादा जीवंत व अर्थपूर्ण बन पाया.” आयुष्मान ने इस बात की भी सराहना की कि सूरज बड़जात्या ने छठ की परंपराओं और उसके पीछे की भावनाओं को पूरी वास्तविकता और सम्मान के साथ पर्दे पर उतारने में कोई कसर नहीं छोड़ी.
बड़े पर्दे पर दिखेगी भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक
गौरतलब है कि बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से लेकर पूरे देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी करोड़ों श्रद्धालु छठ पूजा को बड़ी आस्था और कृतज्ञता के साथ मनाते हैं. ‘बुलाए छठी मां’ गीत इसी एकजुटता और भक्तिभाव को समर्पित है. ‘ये प्रेम मोल लिया’ के साथ आयुष्मान खुराना पहली बार राजश्री प्रोडक्शंस और सूरज बड़जात्या की सिनेमाई दुनिया का हिस्सा बन रहे हैं, जहां संगीत, पारिवारिक मूल्यों और भारतीय त्योहारों की भव्यता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा.




