अजब-गजब

मां से इतनी मोहब्बत, जीते-जी खोद डाली अपनी कब्र; हैरान कर देगी ये दास्तां

कहते हैं मां का प्यार दुनिया में सबसे बड़ा होता है, लेकिन बिहार के एक बेटे ने मां के प्यार को एक ऐसी मिसाल बना दिया है, जिसे सुनकर हर किसी की आंखें भर आ रही हैं. गोपालगंज जिले के बरौली ब्लॉक के बल्हा गांव के रहने वाले मंजूर हसन ने जीते जी अपनी कब्र खोद दी है, वो भी कहीं और नहीं, बल्कि अपनी मां की कब्र के ठीक बगल में.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंजूर की मां शाह शहरबानो हसनी का निधन जून 1999 में हुआ था. मां के जाने के बाद से मंजूर की जिंदगी जैसे थम सी गई. वो तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं और अपने पिता स्वर्गीय मुबारक हुसैन के बेटे हैं.

बताया जाता है कि मंजूर अपनी मां से इतना प्यार करते थे कि उन्होंने कभी मां को अकेला नहीं छोड़ा. मां के निधन के बाद उन्होंने मां की कब्र अपने घर के पास ही बनवाई, ताकि वो हर रोज उनकी कब्र की देखभाल कर सकें.

आज 27 साल बीत जाने के बाद भी मंजूर का ये सिलसिला नहीं टूटा. वो आज भी अपना ज्यादातर समय मां की कब्र के पास ही बिताते हैं, उसकी साफ-सफाई करते हैं और वहां बैठकर दुआएं मांगते हैं.

मौत के बाद भी मां के पास ही रहना है

मंजूर को एक ही डर था कि कहीं उनके मरने के बाद लोग उन्हें मां से दूर ना दफना दें. इसी डर को खत्म करने के लिए उन्होंने अपनी जिंदगी में ही अपनी कब्र बनवा ली. इतना ही नहीं, उन्होंने अपने लिए हरे रंग का कफन भी खरीदकर रख लिया है. हरा रंग उन्हें बेहद पसंद है और वो इसे हुसैनी परंपरा से जोड़कर देखते हैं.

मंजूर का कहना है, दुनिया में मेरा काम पूरा हो गया है. अब बस अल्लाह के बुलावे का इंतजार है. मेरी बस एक ही ख्वाहिश है कि मरने के बाद भी मैं अपनी मां के पास ही रहूं.

गांव में होती है मंजूर की इज्जत

मंजूर सिर्फ अपनी मां के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के लिए मिसाल हैं. उन्होंने अपने पैसों से गांव में मदरसा, मस्जिद और बच्चों के लिए स्कूल भी बनवाया है. गांव के लोग उनकी मां के प्रति इस अटूट प्यार को देखकर उनकी बहुत इज्जत करते हैं.

सोशल मीडिया पर जैसे ही मंजूर की ये कहानी वायरल हुई, लोगों ने जमकर तारीफ की. एक यूजर ने लिखा, आज के जमाने में ऐसा बेटा मिलना मुश्किल है. दूसरे ने कहा, मां-बेटे के प्यार की इससे बड़ी मिसाल और क्या होगी.

Related Articles

Back to top button