खाली डाइट कोक का कैन डालने पर लड़कों से भिड़ा दुकानदार, शख्स की बात सुन लोग हुए हैरान

राजस्थान के भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और नाराज भी. आमतौर पर लोगों को कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालने की सलाह दी जाती है. लेकिन यहां दो लड़कों ने जब ऐसा ही किया तो एक स्टॉल संचालक ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया. इतना ही नहीं, दुकानदार ने डस्टबिन में फेंका गया खाली डाइट कोक का कैन खुद बाहर निकाला और दोनों लड़कों को वापस पकड़ा दिया.
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में दो लड़के रेलवे प्लेटफॉर्म पर घूमते हुए नजर आते हैं. उनके हाथ में डाइट कोक का एक खाली कैन होता है. चलते-चलते उनकी नजर एक खाने-पीने के स्टॉल के बाहर रखे डस्टबिन पर पड़ती है. दोनों लड़के सोचते हैं कि कचरा सड़क या प्लेटफॉर्म पर फेंकने से बेहतर है कि उसे कूड़ेदान में डाल दिया जाए.
इसी दौरान एक लड़का कहता है कि हमेशा कचरा डस्टबिन में डालना चाहिए. दोनों खाली कैन को डस्टबिन में डाल देते हैं. लेकिन उनकी यह छोटी सी कोशिश स्टॉल वाले को पसंद नहीं आती. कैन डस्टबिन में डालते ही दुकानदार बाहर आ जाता है और दोनों लड़कों से सवाल करने लगता है. उसका कहना होता है कि जब उन्होंने उसकी दुकान से कोई सामान खरीदा ही नहीं है, तो वे उसके डस्टबिन का इस्तेमाल क्यों कर रहे हैं? दुकानदार साफ कहता है कि बाहर से लिया है तो बाहर जाकर डालो.
दुकानदार और दो लड़कों के बीच हुआ विवाद
लड़के दुकानदार को समझाने की कोशिश करते हैं कि जब कचरा डस्टबिन में डाल दिया गया है, तो अब उसे दोबारा बाहर निकालने का क्या मतलब है? लेकिन दुकानदार अपनी बात पर अड़ा रहता है. वह कहता है कि नॉर्मल नहीं है, ये मेरा पर्सनल डस्टबिन है. दुकानदार के मुताबिक कि उसके डस्टबिन का इस्तेमाल सिर्फ वही लोग कर सकते हैं, जो उसकी दुकान से कुछ खरीदते हैं. इसके बाद वह खुद डस्टबिन के अंदर हाथ डालकर खाली कैन निकालता है और दोनों लड़कों को वापस दे देता है.
दुकानदार की इस हरकत से लड़के भी हैरान रह जाते हैं. वे कुछ देर तक उसे समझाने की कोशिश करते हैं, फिर दुकान की तरफ कैमरा दिखाते हुए वहां से चले जाते हैं. उनके हाथ में खाली कैन दोबारा नजर आता है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर बहस छिड़ गई है. कई यूजर्स दुकानदार की सोच पर सवाल उठा रहे हैं. लोगों का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति कचरा सही जगह डालने की कोशिश कर रहा है, तो उसे रोकने के बजाय प्रोत्साहित करना चाहिए. आखिर रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर सफाई बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है. उनका कहना है कि डस्टबिन का मकसद कचरा इकट्ठा करना है, न कि यह तय करना कि किसने कहां से सामान खरीदा है. इस बीच रेलवे सेवा ने भी सोशल मीडिया पर इस वीडियो का संज्ञान लिया और मामले को रेलवे अधिकारियों के ध्यान में लाया है.
यह भी पढ़ें: लग्जरी कारों को भी मात देती है इस घोड़े की कीमत, पुष्कर मेले में बादल की एक झलक पाने को बेताब हुई भीड़
फिलहाल, एक खाली कैन को लेकर शुरू हुआ यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि सार्वजनिक जगहों पर सफाई की जिम्मेदारी आखिर किसकी है और क्या कचरा सही जगह डालने के लिए भी खरीदारी करना जरूरी है?
यहां देखिए वीडियो
Two boy tried to throw an empty Diet Coke can into a dustbin outside a railway catering stall at Bhilwara railway station.
The stall vendor objected, took the can out and told them it was his personal dustbin.
His argument? They had bought the drink from somewhere else, so they couldnt use his bin.
— Gems Of Railway (@GemsOfRailway) November 16, 2026




