91 किसान परिवारों को ₹4.55 करोड़ की सहायता, 20 कनिष्ठ सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी | 11 नवंबर, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप बाराबंकी जनपद में किसानों के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत जिले के 91 पात्र किसान परिवारों को कुल ₹4 करोड़ 55 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही राजस्व विभाग में चयनित 20 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बाराबंकी की लाभार्थी श्रीमती रीता सिंह, पत्नी स्वर्गीय अनिल कुमार वर्मा को प्रतीकात्मक रूप से ₹5 लाख का सहायता चेक प्रदान किया। योजना का उद्देश्य दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों को आर्थिक संबल देकर कठिन परिस्थितियों में उनकी सहायता करना है।
तहसीलवार सहायता राशि
- नवाबगंज: 13 लाभार्थी – ₹65 लाख
- रामसनेहीघाट: 12 लाभार्थी – ₹60 लाख
- फतेहपुर: 10 लाभार्थी – ₹50 लाख
- हैदरगढ़: 27 लाभार्थी – ₹1 करोड़ 35 लाख
- रामनगर: 25 लाभार्थी – ₹1 करोड़ 25 लाख
- सिरौलीगौसपुर: 4 लाभार्थी – ₹20 लाख
इस प्रकार जिले की सभी छह तहसीलों के 91 लाभार्थियों को कुल ₹4.55 करोड़ की सहायता राशि वितरित की गई।
20 युवाओं को मिला रोजगार
कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग में चयनित 20 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाना प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है।





