अजब-गजब

नौकरी की भागदौड़ से परेशान युवक ने अपनाया अनोखा रास्ता, 30 की उम्र में हासिल कर ली फाइनेंशियल फ्रीडम

आज के समय में ज्यादातर लोग अपनी पूरी जिंदगी नौकरी और कमाई के बीच संतुलन बनाने में लगा देते हैं. वहीं, कुछ लोग ऐसे भी हैं जो कम उम्र में ही ऐसा निवेश करना चाहते हैं, जिससे उन्हें हर महीने काम किए बिना पैसे मिलते रहें. चीन के एक 30 वर्षीय युवक ने भी कुछ ऐसा ही किया. उसने पुराने मकान खरीदकर उन्हें किराये पर दिया और धीरे-धीरे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन गया. हालांकि, अब उसने अपनी निवेश की रणनीति बदलने का फैसला किया है.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस युवक का नाम फैन जुनजी है. वह चीन के उत्तर-पूर्वी इलाके जिलिन का रहने वाला है. फैन ने चांग्शा शहर में 14 पुराने फ्लैट खरीदने के लिए 20 लाख युआन (करीब 2 करोड़ रुपये) से ज्यादा खर्च किए. इन मकानों से उसे अच्छी कमाई होने लगी, लेकिन समय के साथ उनकी देखभाल करना उसके लिए मुश्किल होता चला गया.

18 घंटे तक करता था नौकरी

फैन काम के सिलसिले में चांग्शा आया था. यहां वह इंटरनेट हेल्थकेयर सेल्स के क्षेत्र में काम करता था. उसकी दिनचर्या काफी व्यस्त रहती थी और कई बार उसे रोजाना 18 घंटे तक काम करना पड़ता था. इसी दौरान उसने चीन के बड़े शहरों में प्रॉपर्टी की बढ़ती कीमतों को समझा और चांग्शा के पुराने इलाकों में सस्ते मकानों में निवेश करने का मौका देखा.

उसे पता चला कि शहर के पुराने फ्लैट काफी कम कीमत पर मिल सकते हैं. कुछ मकान मरम्मत और रेनोवेशन के खर्च समेत करीब 3 लाख युआन (लगभग 42 लाख रुपये) से भी कम में खरीदे जा सकते थे. इसके बाद उसने साल 2023 में पुराने फ्लैट खरीदने शुरू कर दिए.

फैन ने करीब दो साल के अंदर कुल 14 पुराने फ्लैट खरीदे. ये छोटे मकान थे, जिनमें सुविधाएं सीमित थीं और जगह भी ज्यादा नहीं थी. उसने ज्यादातर प्रॉपर्टी शियांग्या अस्पताल के आसपास खरीदीं, ताकि वहां किरायेदार आसानी से मिल सकें. मकानों की देखभाल आसान बनाने के लिए उसने सभी फ्लैट का रेनोवेशन लगभग एक जैसे तरीके से करवाया. साथ ही मरम्मत के लिए जरूरी सामान और स्पेयर पार्ट्स भी पहले से रखे, ताकि छोटी-मोटी खराबी आने पर बार-बार भागदौड़ न करनी पड़े. फिलहाल उसके 14 में से 11 फ्लैट किराये पर चल रहे हैं. इनसे उसे हर साल करीब 2.10 लाख युआन यानी लगभग 29 लाख रुपये की आमदनी होती है.

उसका सबसे सस्ता फ्लैट 1.50 लाख युआन में खरीदा गया था, जिससे हर महीने 1,700 युआन (करीब 24 हजार रुपये) किराया मिलता है. वहीं, सबसे महंगा फ्लैट खरीदने, टैक्स, एजेंट फीस और मरम्मत मिलाकर करीब 3.10 लाख युआन में पड़ा. इससे उसे हर महीने 2,200 युआन का किराया मिलता है.

किराये से होने वाली नियमित कमाई ने फैन को 30 साल की उम्र में ही आर्थिक आजादी हासिल करने में मदद की. इसे FIRE यानी Financial Independence, Retire Early कहा जाता है. इसका मतलब है कि व्यक्ति इतनी संपत्ति और कमाई का इंतजाम कर ले कि उसे रोजी-रोटी के लिए नौकरी करने की मजबूरी न रहे.

हालांकि, फैन को जल्द ही समझ आने लगा कि मकानों से किराया कमाना उतना आसान नहीं है, जितना शुरुआत में लगता था. किरायेदारों की समस्याएं, एजेंट की फीस, टैक्स और समय-समय पर होने वाली मरम्मत का खर्च उसकी कमाई को प्रभावित करने लगा. इसके अलावा चीन में प्रॉपर्टी की गिरती कीमतों ने भी उसके निवेश को लेकर चिंता बढ़ा दी.

अब प्रॉपर्टी नहीं, डिविडेंड से कमाएगा पैसा

26 अक्टूबर को फैन ने ऐलान किया कि अब वह नए फ्लैट नहीं खरीदेगा. उसका मानना है कि इस तरह की प्रॉपर्टी में निवेश करने का सबसे अच्छा दौर अब निकल चुका है. इसलिए वह अपना पैसा डिविडेंड फंड और ज्यादा डिविडेंड देने वाले शेयरों में लगाने की योजना बना रहा है. फैन के मुताबिक, किराये और डिविडेंड से होने वाली कमाई में काफी समानता है. दोनों ही मामलों में आपकी संपत्ति आपके लिए नियमित आमदनी का जरिया बनती है. हालांकि, दोनों में पैसे डूबने का जोखिम भी बना रहता है.

उसके मुताबिक, दोनों निवेश के बीच सबसे बड़ा अंतर पैसा निकालने की सुविधा का है. शेयर और डिविडेंड फंड जरूरत पड़ने पर कुछ ही दिनों में बेचे जा सकते हैं, जबकि किसी फ्लैट को किराये पर देने और उससे पहली कमाई मिलने में कई हफ्ते लग सकते हैं.

यह भी पढ़ें: लोग मोबाइल से बनाते रहे वीडियो, छोटा बच्चा शार्क को बचाने पहुंचा, दिल जीत लेगा ये नजारा

इस तरह 30 साल की उम्र में फाइनेंशियल फ्रीडम हासिल करने वाला फैन अब कम मेहनत और ज्यादा आसानी से अपनी संपत्ति से कमाई करना चाहता है. उसकी कहानी यह भी दिखाती है कि निवेश में सिर्फ कमाई देखना काफी नहीं है, बल्कि यह समझना भी जरूरी है कि उस कमाई को बनाए रखने में कितना समय, पैसा और मेहनत लग रही है.

Related Articles

Back to top button