नौकरी छोड़ने के बाद कंपनी ने मांगे 90 हजार रुपये, शख्स ने ऐसे सुलझाया अपना ये मामला

नौकरी छोड़ते समय आमतौर पर कर्मचारी यही उम्मीद करता है कि नोटिस पीरियड पूरा करने के बाद उसे आसानी से फेयरवेल मिल जाएगा और कंपनी से जुड़े सभी काम पूरे हो जाएंगे. लेकिन त्रिपुरा के अगरतला में रहने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की थी. नौकरी से इस्तीफा देने के बाद उसकी पुरानी कंपनी ने उससे ट्रेनिंग के नाम पर 90 हजार रुपये मांग लिए. इतना ही नहीं, कंपनी ने उसकी आखिरी सैलरी भी समय पर नहीं दी.
इस पूरे मामले को कर्मचारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit के r/IndianWorkplace पर शेयर किया. उसने अपनी पोस्ट में लिखा कि मैंने नौकरी छोड़ी और पता नहीं कैसे कंपनी का 90 हजार रुपये का कर्जदार बन गया. कर्मचारी के मुताबिक, उसने करीब 9 महीने तक कंपनी में काम किया था. इसके बाद उसने इस्तीफा दिया और नियमों के मुताबिक अपना नोटिस पीरियड भी पूरा किया. वह अपने आखिरी वर्किंग डे पर कंपनी छोड़कर चला गया. उसे लगा कि अब सब कुछ सामान्य तरीके से खत्म हो जाएगा. लेकिन एग्जिट प्रोसेस के दौरान HR की तरफ से उसे बताया गया कि उसे ट्रेनिंग के बदले करीब 90 हजार रुपये देने होंगे.
नौकरी छोड़ने के बाद HR ने किया परेशान
ये सुनकर कर्मचारी हैरान रह गया. उसका कहना था कि उसने कंपनी में सिर्फ कुछ दिन ट्रेनिंग लेकर काम नहीं छोड़ा था. वह कई महीनों से असली प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा था और अपने काम की जिम्मेदारी भी संभाल रहा था. ऐसे में अचानक ट्रेनिंग के नाम पर इतनी बड़ी रकम मांगना उसे समझ नहीं आया.
मुसीबत यहीं खत्म नहीं हुई. कंपनी ने उसकी फाइनल सैलरी देने में भी देरी शुरू कर दी. कर्मचारी ने बताया कि इस दौरान HR और मैनेजमेंट के साथ कई बार बातचीत हुई. हर बार अलग-अलग रकम की बात सामने आती रही और धीरे-धीरे मामला उलझता चला गया.
उसने अपनी पोस्ट में कंपनी के हालात का जिक्र करते हुए बताया कि जब उसने नौकरी जॉइन की थी, तब वहां करीब 15 डेवलपर्स काम करते थे. लेकिन जब उसने कंपनी छोड़ी, तब तक यह संख्या घटकर सिर्फ 5 रह गई थी. हालांकि, कर्मचारी ने इस पूरे एक्सपीरियंस से एक जरूरी सीख भी शेयर की. उसका कहना था कि नौकरी जॉइन करने से पहले एम्प्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट की हर लाइन ध्यान से पढ़नी चाहिए.
यह भी पढ़ें: नौकरी की भागदौड़ से परेशान युवक ने अपनाया अनोखा रास्ता, 30 की उम्र में हासिल कर ली फाइनेंशियल फ्रीडम
पोस्ट सामने आने के बाद Reddit पर कई लोगों ने इस मामले पर अपनी राय दी. एक यूजर ने कहा कि कर्मचारी को कंपनी को कोई पैसा देने की जरूरत नहीं है, लेकिन कंपनी उसका एक्सपीरियंस लेटर और दूसरे जरूरी डॉयक्यूमेंट रोक नहीं सकती है. इस पर कर्मचारी ने बताया कि उसने लेबर ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई थी. उसने लेबर अधिकारी को पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद तीन बार सुनवाई हुई. आखिरकार मामला सुलझ गया और उसे अपना एक्सपीरियंस सर्टिफिकेट, सैलरी स्लिप और रिलीविंग लेटर मिल गया.
यहां देखिए पोस्ट
Quit my job and somehow ended up owing my company ₹90k
by
u/-Tanmoy- in
IndianWorkplace
Disclaimer: यह खबर वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और नेटिजन्स की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इस पोस्ट में किए गए किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.




