निःशुल्क गैस रिफिल योजना का शुभारम्भ, बाराबंकी के 3.23 लाख से अधिक उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को वितरित किए सांकेतिक डेमो चेक

न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी।
दीपावली के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए निःशुल्क गैस रिफिल एवं सब्सिडी हस्तांतरण योजना का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जनपद बाराबंकी में भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें लगभग 400 उज्ज्वला लाभार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत की प्रशासिका श्रीमती राजरानी रावत ने की। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह, हैदरगढ़ विधायक तथा भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इंडियन ऑयल एवं भारत पेट्रोलियम के विक्रय प्रबंधक अजय यादव एवं लोकेश दास ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से डेमो चेक वितरित कर योजना के लाभों की जानकारी दी।
जिला प्रशासन के अनुसार जनपद बाराबंकी में कुल 3,23,738 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हैं। योजना के अंतर्गत लाभार्थियों द्वारा गैस रिफिल की बुकिंग कराने पर केंद्र सरकार की सब्सिडी के अतिरिक्त शेष ₹646 से ₹648.54 तक की राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी। यह धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी, जिससे उन्हें रसोई गैस रिफिल पर आर्थिक राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पूर्ति अधिकारी, विभिन्न ऑयल कंपनियों के अधिकारी एवं कर्मचारी, एलपीजी एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह, विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रोपराइटर तथा बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।



