उत्तर प्रदेश

दिवाली पर महंगे कैमरे की नहीं पड़ेगी जरूरत! स्मार्टफोन की इन सेटिंग्स से आएगी शानदार फोटो और वीडियो

दिवाली पर घर की जगमगाती सजावट, रंग-बिरंगी रंगोली, जलते दीये और आसमान में होती आतिशबाजी को कैमरे में कैद करने का अपना ही मजा है. लेकिन कई बार अच्छी क्वालिटी वाला स्मार्टफोन होने के बावजूद रात में तस्वीरें वैसी नहीं आतीं, जैसी हम चाहते हैं. कभी फोटो धुंधली हो जाती है तो कभी दीयों और लाइट्स की तेज चमक की वजह से उनकी डिटेल्स गायब हो जाती हैं. ऐसे में सिर्फ अच्छे कैमरे वाला फोन होना काफी नहीं है. उसकी कुछ सेटिंग्स की जानकारी होना भी जरूरी है.

अगर आपके स्मार्टफोन में Pro या Manual Mode मौजूद है तो आप ISO, Shutter Speed और Exposure जैसी सेटिंग्स को अपने हिसाब से बदल सकते हैं. इससे कम रोशनी में भी बेहतर तस्वीरें लेने में मदद मिल सकती है. आइए जानते हैं ऐसी 6 जरूरी टिप्स, जो दिवाली पर आपके काम आएंगी.

Night Mode से खींचें शानदार तस्वीरें

रात में दीयों, रंगोली और घर की सजावट की फोटो लेने के लिए Night Mode एक अच्छा ऑप्शन है. कुछ फोन में यह सुविधा Low-Light Mode के नाम से भी मिलती है. यह कम रोशनी में ज्यादा डिटेल कैप्चर करने में मदद करती है. हालांकि, फोटो लेते समय फोन को हिलने से बचाएं. बेहतर रिजल्ट के लिए Tripod भी इस्तेमाल कर सकते हैं. ध्यान रहे कि चलते हुए लोगों या हिलती चीजों की फोटो में यह मोड ब्लर पैदा कर सकता है.

Pro Mode में ISO और Shutter Speed बदलें

अगर आप कैमरे की सेटिंग्स खुद कंट्रोल करना चाहते हैं तो Pro Mode आजमा सकते हैं. रात में दीयों की फोटो के लिए ISO 100-400 के बीच रखकर शुरुआत करें. ISO बढ़ाने से तस्वीर ज्यादा चमकदार होती है, लेकिन बहुत ज्यादा ISO रखने पर फोटो में दाने जैसे निशान दिख सकते हैं.

वहीं, Shutter Speed तय करती है कि कैमरा कितनी देर तक रोशनी कैप्चर करेगा. Tripod की मदद से स्थिर दीयों की फोटो लेते समय 1/4 से 1 सेकंड तक की स्पीड ट्राई कर सकते हैं. हाथ में फोन लेकर फोटो खींचते समय धीमी Shutter Speed से बचें.

ज्यादा चमक से बचने के लिए Exposure घटाएं

कई बार दीयों और LED लाइट्स की रोशनी इतनी तेज होती है कि फोटो में उनकी असली डिटेल नहीं दिखती. इससे बचने के लिए स्क्रीन पर सब्जेक्ट पर टैप करें और Exposure थोड़ा कम करें. आप -0.3 से -1 EV तक की सेटिंग आजमा सकते हैं. अलग-अलग लेवल पर फोटो लेकर देखें कि किसमें रोशनी सबसे अच्छी दिख रही है.

आतिशबाजी की फोटो के लिए अपनाएं ये ट्रिक

Fireworks की शानदार तस्वीरें लेने के लिए फोन को Tripod पर लगाएं. Pro Mode में ISO 100-200 रखें और Shutter Speed 1/2 से 2 सेकंड के बीच सेट करें. इससे आसमान में आतिशबाजी से बनने वाली रोशनी की लकीरें कैप्चर हो सकती हैं. Manual Focus का इस्तेमाल करके दूर की आतिशबाजी पर फोकस करें. अगर ये ऑप्शन नहीं हैं तो Night Mode या Long Exposure Mode आजमा सकते हैं.

वीडियो बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान

दिवाली के वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए 4K 30fps या 1080p 30fps सेटिंग्स चुन सकते हैं. कम रोशनी में 60fps पर वीडियो बनाने से बचें, क्योंकि इससे हर फ्रेम में कम रोशनी रिकॉर्ड हो सकती है. वीडियो की क्वालिटी बेहतर रखने के लिए Exposure थोड़ा कम करें और OIS या EIS Stabilization का इस्तेमाल करें. Digital Zoom करने के बजाय सब्जेक्ट के करीब जाकर वीडियो बनाएं.

फोटो लेने से पहले कैमरा लेंस साफ करें

फोटो खींचने से पहले फोन का कैमरा लेंस साफ करना न भूलें. लेंस पर धूल या उंगलियों के निशान होने से रात में लाइट्स के आसपास धुंधलापन और चमक दिखाई दे सकती है. इसलिए किसी मुलायम कपड़े से लेंस को अच्छी तरह साफ कर लें.

यह भी पढ़ें- Jio यूजर्स की हो गई मौज! 10 महीने के रिचार्ज में 15 महीने चलेगा Wi-Fi, बस करना होगा ये छोटा सा काम

मौका हाथ से न जाने दें! Samsung के फोल्डेबल फोन में सीधी ₹56,000 की गिरावट

Related Articles

Back to top button