UPSSSC ने शुरू किए 1784 पदों के लिए आवेदन, 12 विभागों में निकली भर्तियां, जानें कौन कर सकता है अप्लाई

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 12वीं पास युवाओं के लिए भर्ती का मौका आया है. UPSSSC ने संयुक्त अवर अधीनस्थ सेवा भर्ती के तहत 12 विभागों में कुल 1784 पदों पर आवेदन मांगे हैं. इन पदों में ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, संग्रह अमीन, स्टोर कीपर और समाज कल्याण पर्यवेक्षक समेत कई पद शामिल हैं.
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है. इच्छुक उम्मीदवार एक दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. इस भर्ती में शामिल होने के लिए PET-2025 पास होना अनिवार्य है.
12 विभागों में भरे जाएंगे 1784 पद
यूपीएसएसएससी की इस भर्ती में अलग-अलग विभागों के 1784 पद शामिल हैं. इनमें सबसे अधिक 525 पद ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण) के हैं. वहीं, ग्राम पंचायत अधिकारी के 508 और वाणिज्य कर संग्रह अमीन के 235 पद निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा भूमि अर्जन अमीन के 187, भंडार पाल एवं लिपिक के 118, सहकारी कृषि पर्यवेक्षक के 50, सारणीयक के 14, गृहमाता के पांच, भंडार पाल एवं लिपिक विशेष चयन के दो, फार्म लिपिक के दो और बिक्रीकर्ता का एक पद शामिल है.
कब तक कर सकेंगे आवेदन?
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू हो गई है. उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upsssc.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने की अंतिम तारीख एक दिसंबर 2026 है. आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर उम्मीदवार 8 दिसंबर 2026 तक संशोधन कर सकेंगे. सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क 25 रुपये निर्धारित किया गया है. आयोग ने भर्ती का नोटिफिकेशन 16 अक्टूबर 2026 को जारी किया था. आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन पढ़ने की सलाह दी गई है.
PET-2025 पास उम्मीदवार ही कर सकेंगे आवेदन
इस भर्ती की मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी PET-2025 पास होना जरूरी है. आयोग PET-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मेरिट तैयार करेगा. इसी मेरिट के जरिए मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. जिन अभ्यर्थियों ने PET-2025 नहीं दिया है वो इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे.
किस पद के लिए क्या है क्वालिफिकेशन?
लगभग सभी पदों के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है. हालांकि, कुछ पदों के लिए अतिरिक्त योग्यता भी निर्धारित की गई है.
- वाणिज्य कर संग्रह अमीन और भूमि अर्जन अमीन के लिए इंटरमीडिएट पास होना जरूरी है. भूमि अर्जन अमीन पद पर लेखपाल प्रशिक्षण प्राप्त उम्मीदवारों को वरीयता मिलेगी.
- स्टोर कीपर, लिपिक और सारणीयक पदों के लिए भी इंटरमीडिएट की योग्यता मांगी गई है.
- गृहमाता पद के लिए इंटर पास महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं.
- समाज कल्याण पर्यवेक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी के लिए इंटर के साथ NIELIT का CCC कंप्यूटर प्रमाणपत्र जरूरी है.
- कारागार विभाग के प्रक्षेत्र लिपिक और बिक्रीकर्ता पदों के लिए इंटर पास होने के साथ संबंधित क्षेत्र में तीन साल का अनुभव होना चाहिए. हिंदी की नॉलेज भी जरूरी है.
इन उम्मीदवारों को मिलेगी वरीयता
कुछ पदों पर विशेष योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी. टेरिटोरियल आर्मी में दो साल की सेवा कर चुके उम्मीदवारों और एनसीसी का बी प्रमाणपत्र रखने वालों को इसका लाभ मिलेगा. ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर ग्रामीण पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों को भी वरीयता दी जाएगी.
दो घंटे की होगी मुख्य परीक्षा
मुख्य परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी. इसके लिए उम्मीदवारों को दो घंटे का समय मिलेगा. परीक्षा में गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग भी होगी. सिलेबस में भारतीय इतिहास, संविधान, सामाजिक विकास, भूगोल, अर्थव्यवस्था, ग्रामीण विकास, समसामयिक घटनाओं और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे. इसके अलावा एनवायरमेंट, डाटा इंटरप्रिटेशन और सामान्य हिंदी से 10-10 अंक के सवाल होंगे. कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी से 15 अंक और उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य जानकारी से 20 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे.




