शिक्षा

पिता ने पल्लेदारी व मजदूरी कर बेटों को पढ़ाया, अब सोनू डॉक्टर तो मोनू बनेगा इंजीनियर

आर्थिक तंगी और मुश्किल हालात भी अगर हौसले के आगे हार जाएं तो सफलता की राह बन ही जाती है. बिहार के गयाजी जिले के दो सगे भाइयों ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद दोनों ने अपने सपनों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत की. बड़े भाई सोनू राज ने NEET 2026 में 636 अंक हासिल कर मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लिया, जबकि छोटे भाई मोनू राज ने JEE Main में 93 पर्सेंटाइल प्राप्त कर इंजीनियरिंग में एडमिशन पाया.

दोनों भाइयों ने राजस्थान के कोटा में रहकर दो साल तक एक साथ तैयारी की. उनकी सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग और संघर्ष भी बड़ी वजह रहा.

पिता ने बेटे की पढ़ाई के लिए बेच दी जमीन

गयाजी के रहने वाले सोनू और मोनू के पिता मनोज कुमार अनाज मंडी में पल्लेदारी करते हैं. इसके अलावा वह कमीशन पर किसानों का अनाज बिकवाने का काम भी करते हैं. मां रेशमी देवी गृहिणी हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी. घर चलाने के लिए पिता को मनरेगा में मजदूरी तक करनी पड़ी थी. परिवार के पास दो जमीनें थीं, जिनसे खाने भर का अनाज पैदा होता था और कुछ फसल बेचकर खर्च चलाया जाता था. मोनू ने जब कोटा जाकर इंजीनियरिंग की तैयारी करने की इच्छा जताई तो पैसों की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती थी. बेटे का सपना पूरा करने के लिए पिता ने अपनी एक जमीन बेच दी और उसे कोटा भेजा.

बीमारी भी नहीं रोक पाई मोनू की तैयारी

मोनू ने 10वीं में 96 प्रतिशत और 12वीं में 84.5 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. गयाजी के दूसरे स्टूडेंट्स को कोटा में पढ़कर डॉक्टर और इंजीनियर बनते देखकर उसके मन में भी बड़े सपने जगे. इसके बाद उसने कोटा में एडमिशन लिया. पढ़ाई के दौरान उसे टायफाइड और पीलिया जैसी बीमारियों का सामना करना पड़ा. करीब तीन महीने तक बुखार भी रहा और कई बार दिल की धड़कन असामान्य रूप से तेज हो जाती थी. इसके बावजूद उसने पढ़ाई जारी रखी और नियमित रूप से क्लास अटेंड की.

दो साल साथ रहकर की तैयारी

दोनों भाइयों ने कोटा में एक साथ रहकर कोचिंग से दो साल तक तैयारी की. सोनू ने NEET 2026 में 636 अंक हासिल किए और एम्स सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में एडमिशन लिया. वहीं, मोनू ने JEE Main में 93 पर्सेंटाइल हासिल कर बीआईटी मेसरा की केमिकल ब्रांच में एडमिशन पाया.

माता-पिता के त्याग को बताया सफलता की वजह

सोनू का कहना है कि माता-पिता ने उनके भविष्य के लिए बहुत त्याग किया है. अब दोनों भाई परिवार और समाज के लिए कुछ करना चाहते हैं. पिता मनोज कुमार ने कहा कि बच्चों की सफलता से उनकी मेहनत और त्याग सफल हो गया. कोचिंग संस्थान के कोचिंग संचालक के अनुसार, ऐसे स्टूडेंट अपनी मेहनत से दूसरे युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं.

Related Articles

Back to top button