हम बिहारियों की कोई औकात नहीं…मुंबई में छठ विवाद पर खेसारी लाल यादव का फूटा गुस्सा, पूछा- क्या ये हिंदुओं का पर्व नहीं?

Khesari Lal Yadav On Chhath Controversy: मुंबई में समंदर किनारे छठ मनाने को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है. हाल ही में एमएनएस के नेताओं ने पुलिस से मांग की थी कि वो बीच पर छठ मनाने की अनुमति न दें और जहां दी है वहां की अनुमति वापस ली जाए. इसको लेकर विवाद छिड़ा हुआ है. अब भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसाली लाल यादव ने इस मामले पर लंबा वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर किया है. इमोशनल होते हुए खेसारी ने कहा है कि मुझे लगता है हम बिहारियों की कोई औकता नहीं. उन्होंने साथ ही साथ अपने भोजपुरी इंडस्ट्री के उन चार सितारों (पवन सिंह, रवि किशन, निरहुआ और मनोज तिवारी) से भी आवाज उठाने की अपील की है, जो सरकार का हिस्सा हैं.
खेसारी लाल यादव ने एक्स पर शेयर किए पोस्ट में लिखा, “आखिर हर बार हमारी ही आस्था और हमारे त्योहारों, हमारे लोगों को ही निशाना क्यों बनाया जाता है? छठ पूजा करोड़ों लोगों की आस्था, विश्वास और सदियों पुरानी हमारी सांस्कृतिक परंपरा का पावन प्रतीक है. क्या छठ महापर्व हिंदू समुदाय के लोगों का पर्व नहीं है? करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं और परंपराओं का सम्मान कौन सुनिश्चित करेगा? और जब ऐसे मुद्दे सामने आते हैं, तो जिम्मेदार लोग खुलकर अपनी बात क्यों नहीं रखते? ये देखकर दुख होता है कि इस विषय पर अपेक्षित संवाद और स्पष्टता दिखाई नहीं देती. आज सरकार मजबूत स्थिति में है. उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड की जनता ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उनकी आस्था और भावनाओं का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है. सवाल किसी के विरोध का नहीं, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता, आपसी सम्मान और समान व्यवहार का है. आखिर ऐसा माहौल क्यों न बने, जहां हर व्यक्ति अपनी परंपरा और आस्था का पालन बिना किसी भेदभाव और अनावश्यक रोक-टोक के कर सके? आस्था का सम्मान हो, संवाद बना रहे और किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों, ऐसी कामना करता हूं. जय छठी मईया.”
आखिर हर बार हमारी ही आस्था और हमारे त्योहारों, हमारे लोगों को ही निशाना क्यों बनाया जाता है? छठ पूजा करोड़ों लोगों की आस्था, विश्वास और सदियों पुरानी हमारी सांस्कृतिक परंपरा का पावन प्रतीक है।
• क्या छठ महापर्व हिंदू समुदाय के लोगों का पर्व नहीं है?
• करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं और परंपराओं का सम्मान कौन सुनिश्चित करेगा?
• और जब ऐसे मुद्दे सामने आते हैं, तो जिम्मेदार लोग खुलकर अपनी बात क्यों नहीं रखते?यह देखकर दुःख होता है कि इस विषय पर अपेक्षित संवाद और स्पष्टता दिखाई नहीं देती। आज सरकार मजबूत स्थिति में है। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड की जनता ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी आस्था और भावनाओं का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है।
सवाल किसी के विरोध का नहीं, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता, आपसी सम्मान और समान व्यवहार का है।
आखिर ऐसा माहौल क्यों न बने, जहाँ हर व्यक्ति अपनी परंपरा और आस्था का पालन बिना किसी भेदभाव और अनावश्यक रोक-टोक के कर सके?
आस्था का सम्मान हो, संवाद बना रहे और किसी की धार्मिक भावनाएँ आहत न हों, ऐसी कामना करता हूँ। जय छठी मईया!
— Khesari Lal Yadav (खेसारी) (@khesariLY) November 15, 2026
विवाद पर भड़के खेसारी लाल यादव
खेसारी लाल यादव ने छठ की शुभकानाएं देते हुए जारी किए अपने पोस्ट के साथ एक वीडियो भी शेयर किया है. वीडियो में उन्होंने कहा, “शुभकामनाएं देने में भी डर लगता है कि पता नहीं हमारी शुभकामना को भी रोक दिया जाएगा. क्योंकि मुझे ऐसा लगने लगा है कि अब हम बिहारियों की कोई औकात है नहीं. क्योंकि धर्म की सिर्फ बातें हो रही हैं आजकल, लेकिन हम बिहारियों का कोई धर्म है नहीं, न ही हमारी आस्था है. क्योंकि हमारे गाने बंद किए जा रहे हैं, हर जगह के छठ के गाने नहीं बज सकते हैं. ना हम कहीं घाट पूजा कर पा रहे हैं छठ की.”
खेसारी आगे कहते हैं, “थोड़ी तकलीफ इस बात से है कि नहीं समझ में आ रहा है. जब इलेक्शन होता है तो ट्रेनें भर-भर के हमें बुलाने के लिए आती हैं, लेकिन हमारे अपने आस्था के लिए ना हमें ट्रेन दी जा रही है न सुविधा दी जा रही है, ठीक है वो मान लीजिए ठीक है दिक्कत हो सकती है. लेकिन हम जहां हैं वहां भी हमें करने की मंजूरी नहीं है. ऐसा लगने लगा है कि हम बिहारियों की कोई औकात नहीं है. पहले हमें अपने परिवार से दूर किया गया, फिर रोजगार से दूर कर दिया गया. अब हमें अपनी मां से भी अलग किया जा रहा है. हमारे आस्था से अलग किया जा रहा है, जबकि हमसे कई गुना ज्यादा ऊपर हमारी छठ पूजा है. मैं बस अपनी बिहार सरकार से एक रिक्वेस्ट (सवाल) करना चाहता हूं कि अब कितना बर्दाश्त करना पड़ेगा हम सब बिहारियों को.”
“क्या छठ हिंदुओं का त्योहार नहीं?”
खेसारी ने कहते हैं, “धर्म की बातें होती हैं, लेकिन हमारा छठ व्रत इस धर्म में आता है या नहीं? आप सब से बस यही कहना चाहता हूं, चाहे मुंबई की सरकार हो, दिल्ली की सरकार हो या हमारे बिहार की सरकार हो या केंद्र की. हर जगह आप ही लोग हैं. और उसके बावजूद एक भी हमारे बिहार के या यूपी के या किसी भी एमपी-विधायक मंत्री का एक ट्वीट तक नहीं आता है हमारे आस्था के लिए. हम बिहारियों के लिए कोई खड़ा नहीं होता. दुख होता है कि यार, हमारी कोई औकात नहीं, हमारा त्योहार पाकिस्तान से नहीं, बल्कि हमारी जिंदगी है. और आप सब आज भी चुप हैं, हमारी आस्था के गाने नहीं बजने दिए जा रहे हैं, हमें रोका जा रहा है फिर भी एक आदमी, एक शब्द तक नहीं बोल पा रहा है, किस बात का डर है आप सबको? या कोई हमारी औकात नहीं हो सकती, यही हो सकता है. या तो हम बिहारियों की कोई औकात नहीं है और नहीं तो फिर क्यों ऐसा? हमारे साथ इतना भेदभाव हर बार, हर चीज में.”
ये भी पढ़ें: मुंबई के बीच पर छठ पूजा को लेकर विवाद तेज, संजय निरुपम ने राज ठाकरे को दिया न्योता, कहा- ये कोई विदेशी पूजा नहीं है
खेसारी ने पलायन और शिक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा, “हम फैमिली से दूर हुए रोजी रोटी कमाने के लिए, समझ में आता है सर. हम शिक्षा से दूर हो गए, ये भी समझ में आता है, ठीक है, हम मजदूर आदमी हैं, कहीं कमा लेंगे, लेकिन अब हमें तो अपने त्योहार से भी अलग किया जा रहा है, हमें उस लेवल पर नहीं देखा जा रहा है, हमारे त्योहार की कोई औकात नहीं, हमारी मां की प्रतिष्ठा और सम्मान के साथ किसी राज्य में या कहीं भी हमें बेइज्जत किया जा रहा है, और हमारे नेता-मंत्री विधायक, हर आदमी चुप है. इस पर कोई एक शब्द भी नहीं बोल रहा है…प्लीज सरकार से अपील तो करो. सरकार को भी मैं एक चीज कहना चाहता हूं कि आपसे अपील करने की जरूरत हमें क्यों पड़ रही है? क्या आपको नहीं पता है कि छठ पूजा हमारे लिए क्या है?”
इन सितारों पर साधा निशाना
खेसारी ने बिना नाम लिए भोजपुरी सिनेमा के कलाकार और बीजेपी नेता मनोज तिवारी, रवि किशन, निरहुआ और पवन सिंह पर कहा, “मैं अपने भाइयों से भी कहना चाहता हूं, अपने चारों भाइयों से कहना चाहता हूं कि आप चारों केंद्र (सरकार) के हिस्सा हो. अब क्यों डर रहे हो? भगवान ने और इस बिहार के लोगों ने हम सबको बहुत कुछ दिया है. किस बात का डर सता रहा है हमें, पद प्रतिष्ठा का? इससे ज्यादा आप सबको पद प्रतिष्ठा क्या चाहिए? मैं टिप्पणी करने नहीं, बल्कि मैं बस कहने आया हूं कि प्लीज हम सबको बोलना चाहिए. अब तो हमारी आस्था पर भी ठेस पहुंचने लगी है. हम छठ के गाने गाकर बड़े हुए हैं, सुनकर बड़े हुए हैं, और उसके बावजूद भी आज हम अपने छठ व्रत के लिए कुछ बोल नहीं पा रहे हैं. कोई आकर कोई टिप्पणी कर देता है. मैं अपनी सरकार, बिहार के मुख्यमंत्री, यूपी के मुख्यमंत्री या मैं केंद्र के अपने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से भी कहना चाहता हूं कि हमें कहां रखें हैं आप सब, हम बिहारियों को कहां रखें हैं? क्या हम सरकार के हिस्सा नहीं हैं? इंसान तो हैं ना? कम से कम इंसानियत के नाते हमारी आस्था को बचा लीजिए. हमारी आस्था के लिए प्लीज कुछ तो करिए आप लोग.”
खेसारी ने छठ के दौरान ट्रेनों में भीड़ और महंगे किराए को लेकर कहा, “आप तो ट्रेन दे नहीं पा रहे हैं हम सबको. प्लीज आप सब से रिक्वेस्ट है, बिहार के जितने भी मंत्री, विधायक, नेता और यहां के कलाकार हैं, किस बात का डर है हम सबको, क्यों? अब हम अपनी मां के लिए भी नहीं बोल पा रहे हैं. तो फिर क्यों हम इस दुनिया में हैं? प्लीज आप सबसे रिक्वेस्ट है कि आप सब आवाज उठाइए ताकि ये फिर दोबारा हमें सुनने को ना मिले कि हमारी आस्था के लिए किसी ने कुछ बोला. सिर्फ धर्म की बातें नहीं करना है. हमें धर्म को बचाना भी है. प्लीज. और हैप्पी छठ पूजा आप सबको इस कामना. थैंक यू सो मच. तो अपना ख्याल रखिए. और मैं सबसे रिक्वेस्ट करना चाहता हूं प्लीज आप सब आवाज उठाइए और इस पर बात करिए.”





