उत्तर प्रदेश

अब WhatsApp से भर सकेंगे बिल और मिलेगा उधार! AI फीचर्स भी होंगे शामिल

व्हाट्सएप जल्द ही अपने प्लेटफॉर्म पर कई नए फीचर्स और बदलाव कर सकता है. कंपनी के नए प्रमुख कुनाल शाह ने भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि कंपनी का ध्यान तीन बड़ी चीजों पर है. इनमें मैसेजिंग को बेहतर बनाना, रोजमर्रा के काम आसान करना और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल बढ़ाना शामिल है. यानी आने वाले समय में यूजर्स को बेहतर वॉयस मैसेज, ग्रुप चैट, स्टिकर और वीडियो से जुड़े फीचर्स मिल सकते हैं. इसके अलावा व्हाट्सएप के जरिए बिल भरना, पैसे उधार लेना और यात्रा के दौरान मोबाइल सेवाओं का इस्तेमाल करना भी आसान हो सकता है.

AI और पेमेंट से जुड़े नए फीचर्स की तैयारी

व्हाट्सएप के प्रमुख कुनाल शाह ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए कंपनी की भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में कंपनी ने यह समझने की कोशिश की है कि यूजर्स मैसेजिंग ऐप से क्या चाहते हैं. इसी आधार पर व्हाट्सएफ में कई बदलाव किए जाएंगे. कुनाल शाह के मुताबिक, व्हाट्सएप पर हर दिन 10 अरब से ज्यादा वॉयस मैसेज भेजे जाते हैं. इसके अलावा यूजर्स रोजाना 4 अरब से ज्यादा स्टिकर भी शेयर करते हैं. इसे देखते हुए कंपनी वॉयस मैसेज, ग्रुप चैट, स्टिकर और वीडियो के इस्तेमाल को पहले से आसान और बेहतर बनाने पर काम कर रही है.

कंपनी का दूसरा बड़ा टारगेट व्हाट्सएप के जरिए रोजमर्रा के कामों को आसान बनाना है. इसके लिए कंपनी बैंकिंग और टेलीकॉम कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है. आने वाले समय में यूजर्स व्हाट्सएप छोड़े बिना बिजली-पानी के बिल भर सकेंगे, पैसे उधार लेने जैसी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे और विदेश यात्रा के दौरान मोबाइल कनेक्टिविटी से जुड़े काम कर सकेंगे. हालांकि, इन सुविधाओं को कब शुरू किया जाएगा, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है.

AI की मदद से आसान होंगे रोजमर्रा के काम

व्हाट्सएप अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल भी बढ़ाना चाहता है. कंपनी ऐसी सुविधाओं पर काम कर रही है, जिनकी मदद से यूजर्स अपनी जरूरत की जानकारी आसानी से खोज सकेंगे. इसके अलावा बुकिंग, अपॉइंटमेंट और जरूरी कामों को याद रखने में भी AI मदद कर सकता है. कुनाल शाह ने बताया कि व्हाट्स्एप पर हर दिन 100 अरब से ज्यादा मैसेज भेजे जाते हैं और 2 अरब से ज्यादा वॉयस और वीडियो कॉल की जाती हैं. उन्होंने यह भी साफ किया कि नए फीचर्स आने के बावजूद यूजर्स के निजी मैसेज और कॉल की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा. व्हाट्सएप पर मैसेज और कॉल पहले की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगे. कुनाल शाह ने इसी साल जून में विल कैथकार्ट की जगह व्हाट्सएप की जिम्मेदारी संभाली थी. वह भारतीय फिनटेक कंपनी CRED के फाउंडर भी रह चुके हैं.

ये भी पढ़ें- 2027 में आएगा Samsung Galaxy S27+! 50MP कैमरा और 120Hz डिस्प्ले के साथ होगा लॉन्च

Related Articles

Back to top button