गोरखपुर में भाजपा की पदयात्रा, नितिन नवीन और सीएम योगी ने संभाली कमान

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार को भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा’ आयोजित की जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोरखपुर पहुंच चुके हैं। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद हैं। भाजपा इस आयोजन को बड़े स्तर पर कर रही है और इसके जरिए कार्यकर्ताओं की ताकत दिखाने की तैयारी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला गोरखपुर दौरा है। एयरपोर्ट से वह सीधे सर्किट हाउस पहुंचे। इसके बाद महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में शामिल हुए। जनसभा खत्म होने के बाद पार्टी की पदयात्रा शुरू होगी।
मंच पर भाजपा और सहयोगी दलों के दिग्गज नेता
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें राष्ट्रीय महामंत्री एवं यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी और राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा शामिल हैं।
सहयोगी दलों की ओर से निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल भी कार्यक्रम में पहुंची हैं।
1200 मीटर की दूरी तय करेगी पदयात्रा
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होने वाली पदयात्रा गोलघर स्थित काली मंदिर के पास सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक जाएगी। इस दौरान करीब 1200 मीटर का रास्ता तय किया जाएगा। प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद कार्यक्रम का समापन होगा।
भाजपा ने पदयात्रा में एक लाख कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए मार्ग में 18 जगहों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सहयोगी दलों की मौजूदगी से इस आयोजन को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।



